![]()
कैमूर जिले में सरकारी शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों और छात्रावासों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ शुरू किया गया है। प्रशासन ने इसके सुचारु संचालन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। छात्रों की सहायता के लिए ‘मे आई हेल्प यू’ डेस्क पर कंप्यूटर ऑपरेटर और कार्यालय कर्मियों की तैनाती की जाएगी। रचनात्मक विचार साझा कर सकेंगे स्टूडेंट इस पोर्टल का मुख्य उद्देश्य सरकारी डिग्री कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल संस्थान (जीएनएम/एएनएम), पॉलिटेक्निक, आईटीआई, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सिमुलतला और सरकारी छात्रावासों के विद्यार्थियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। पोर्टल को मुख्य रूप से दो श्रेणियों में बांटा गया है: ‘सुझाव’ और ‘शिकायतें’। ‘सुझाव’ श्रेणी के तहत, छात्र शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने रचनात्मक विचार साझा कर सकेंगे। इन सुझावों को अंतिम निर्णय के लिए राज्य स्तरीय समिति के समक्ष भेजा जाएगा। ‘शिकायतें’ श्रेणी में, छात्र शिक्षा और संस्थान से जुड़ी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। समस्याओं की नियमित समीक्षा की जाएगी इनमें शिक्षकों की अनुपस्थिति, समय पर परीक्षा न होना या छात्रावास की कमियां शामिल हैं। विद्यार्थी अपने व्यक्तिगत मामले भी दर्ज करा सकेंगे। आगामी 25 तारीख (माह के चौथे मंगलवार) से इस व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों की समस्याओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। यह पहल छात्रों को अपनी बात सीधे प्रशासन तक पहुंचाने में मदद करेगी।
