![]()
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को लोहरदगा जिले में और मजबूत बनाने की दिशा में बुधवार को जिला कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में सैकड़ों लोगों ने पार्टी का दामन थाम लिया। जिले के विभिन्न प्रखंडों व क्षेत्रों से पहुंचे नए सदस्यों ने झामुमो की विचारधारा, नीतियों और सिद्धांतों में आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करने वालों में जेएलकेएम के प्रमंडल उपाध्यक्ष व मारवाड़ी समाज के युवा जिला अध्यक्ष निखिल सर्राफ मोनू सहित सैकड़ों लोग शामिल थे। जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने सभी नए सदस्यों को सदस्यता दिलाई और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मौके पर जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि झामुमो केवल एक राजनीतिक संगठन ही नहीं, बल्कि झारखंड की मिट्टी, जल, जंगल, जमीन और यहां के लोगों के अधिकारों की आवाज है। आज जिस तरह सैकड़ों लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं, उससे साफ है कि आम जनता का विश्वास झामुमो के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है। मोजम्मिल अहमद ने कहा कि गरीब, मजदूर, किसान, आदिवासी, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों के हितों की रक्षा झामुमो की प्राथमिकताओं में रही है। समारोह में वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का झामुमो से जुड़ना संगठन की बढ़ती स्वीकार्यता का प्रमाण है। नए सदस्यों को पार्टी के संविधान, विचारधारा, संगठनात्मक संरचना एवं कार्यशैली की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। नए सदस्यों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। सभी ने संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। मौके पर जिला सचिव अनिल युवा जिला अजय उराव संकर उराव उरांव, नगर अध्यक्ष अकास साहू, महिला जिला सचिव सरस्वती कछप, अंकित कुमार, पंकज कुमार, बिनय कुमार, अमित कुमार, जयप्रकाश शर्मा, निखिल सर्राफ, बालमुकुंद लोहरा, राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व नए सदस्य मौजूद रहे।
