![]()
राजधानी रांची समेत झारखंड के सभी जिलों में डीप डिप्रेशन का असर बरकरार है। गुरुवार को भी कई जिलों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई। वहीं, मानसून एक्टिव होने के बाद से अब तक पश्चिमी सिंहभूम में सारे जिलों से सबसे अधिक 1035.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राज्य में कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रह सकता है। वहीं, रविवार को पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के कई हिस्सों में कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने की संभावना है। सिस्टम कमजोर, फिर भी होगी बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, उत्तरी झारखंड और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बिहार के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ कमजोर हुआ है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नम हवाओं के कारण राज्य के ऊपर पर्याप्त नमी बनी हुई है। इसी वजह से रांची समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज से भारी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश हंटरगज में
वहीं, पिछले 24 घंटे में राज्य में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश 58.8 एमएम हंटरगज (चतरा) में दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस नामकुम में रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी सिंहभूम में 45% अधिक हुई बारिश इधर, 1 जून से 20 अगस्त तक झारखंड में 636.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जबकि इस दौरान सामान्य बारिश 711.7 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में सामान्य से 11% कम बारिश हुई है। आंकड़ों के अनुसार, मानसून के दौरान राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, जबकि कुछ जिले अब भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। पश्चिमी सिंहभूम में 1035.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 714.3 मिमी से 45% अधिक है। इसी तरह कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। देवघर में सामान्य से 46% कम बारिश हुई है। बोकारो में भी 26% की कमी दर्ज की गई, जो राज्य के प्रमुख जिलों में सबसे बड़ी कमी में शामिल है। कोडरमा में भी सामान्य बारिश के मुकाबले कमी रही। कुछ अन्य जिलों में 20% से 50% तक कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में (2-4) डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों में इसमें कोई बड़े बदलाव नहीं होने की संभावना है।
