Friday, August 21, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

जर्मनी के डॉक्टर ने भागलपुर में सीखा कम संसाधन में बेहतर इलाज का तरीका

German doctor in Bhagalpur: भागलपुर में होने वाले इलाज और जटिल ऑपरेशन अब सिर्फ स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय नहीं रहे. जर्मनी के एक युवा चिकित्सक को यहां की कम संसाधनों में मरीजों के बेहतर इलाज की कार्यप्रणाली इतनी प्रभावित कर गयी कि वह खुद भागलपुर पहुंच गये.

जर्मनी के एलएमयू यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल-म्यूनिख के मस्कुलोस्केलेटल यूनिवर्सिटी सेंटर के डिपार्टमेंट ऑफ ट्रामा सर्जरी एंड ऑर्थोपेडिक्स में रेसिडेंट फिजिशियन डॉ. जॉन वुल्फ इन दिनों तातारपुर स्थित ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. इम्तियाजुर रहमान के नर्सिंग होम में क्लिनिकल ऑब्जरवेशन कर रहे हैं. उनका उद्देश्य कम संसाधनों में मरीजों के जटिल मामलों के उपचार, सर्जिकल निर्णय और ऑपरेशन के बाद की देखभाल की प्रक्रिया को करीब से समझना है.

दो साल से यूट्यूब पर देख रहे थे ऑपरेशन के वीडियो

डॉ. जॉन वुल्फ ने बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से डॉ. इम्तियाजुर रहमान के मरीजों के सफल ऑपरेशन से जुड़े वीडियो यूट्यूब पर देख रहे थे. खासकर सीमित संसाधनों में जटिल मामलों के सर्जिकल उपचार की प्रक्रिया ने उनका ध्यान आकर्षित किया.

वीडियो में मरीजों के इलाज और ऑपरेशन की तकनीक देखने के बाद उनके मन में यह जानने की जिज्ञासा बढ़ी कि वास्तविक परिस्थितियों में डॉक्टर किस तरह मरीज का मूल्यांकन करते हैं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर इलाज की रणनीति तय करते हैं.

इसी जिज्ञासा ने उन्हें जर्मनी से भागलपुर आने के लिए प्रेरित किया.

16 अगस्त को शुरू हुआ 15 दिनों का क्लिनिकल ऑब्जरवेशन

डॉ. जॉन वुल्फ 16 अगस्त को 15 दिनों के क्लिनिकल ऑब्जरवेशन प्रोग्राम के लिए भागलपुर पहुंचे. वह तातारपुर स्थित डॉ. इम्तियाजुर रहमान के एडवांस ट्रॉमा एंड माइक्रोसर्जिकल सेंटर में रहकर यहां की चिकित्सा व्यवस्था को समझ रहे हैं.

इस दौरान वह मरीजों के मूल्यांकन से लेकर बीमारी की गंभीरता के आधार पर उपचार की रणनीति तय करने तक की प्रक्रिया को देख रहे हैं. इसके साथ ही सर्जरी का निर्णय किस आधार पर लिया जाता है और ऑपरेशन के बाद मरीजों की देखभाल किस तरह की जाती है, इसका भी अध्ययन कर रहे हैं.

डॉ. जॉन के अनुसार, उनके ऑब्जरवेशन का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य यह समझना है कि बीमारी की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कम खर्च में प्रभावी लाइन ऑफ ट्रीटमेंट कैसे अपनायी जाती है.

कम संसाधन में बेहतर इलाज ने खींचा ध्यान

भारत और जर्मनी की स्वास्थ्य व्यवस्था में संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं के स्तर पर काफी अंतर है. इसके बावजूद मरीजों की जरूरत के अनुसार उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल कर प्रभावी उपचार करने की प्रक्रिया डॉ. जॉन के लिए सीखने का महत्वपूर्ण विषय बनी हुई है.

भागलपुर जैसे शहर में जटिल ऑर्थोपेडिक और ट्रॉमा मामलों के इलाज की कार्यप्रणाली को करीब से देखना उनके लिए एक अलग तरह का चिकित्सकीय अनुभव है. यही अनुभव उन्हें यह समझने में मदद कर रहा है कि सीमित संसाधनों के बीच भी चिकित्सकीय कौशल, अनुभव और सही निर्णय के जरिये मरीजों को बेहतर उपचार कैसे दिया जा सकता है.

जर्मनी से भागलपुर आना ज्ञान के आदान-प्रदान का अवसर

डॉ. इम्तियाजुर रहमान ने कहा कि जर्मनी जैसे विकसित देश से एक युवा चिकित्सक का भागलपुर जैसे शहर में आकर चिकित्सा और सर्जिकल कार्यप्रणाली का अध्ययन करना अपने आप में महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल है.

उन्होंने कहा कि इस तरह के क्लिनिकल ऑब्जरवेशन से अलग-अलग देशों की उपचार पद्धतियों को समझने और चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलता है. इससे मरीजों के लिए अधिक किफायती और प्रभावी उपचार व्यवस्था की संभावनाओं को तलाशने में भी मदद मिल सकती है.

German doctor in Bhagalpur: यूट्यूब ने मिटायी चिकित्सा ज्ञान की भौगोलिक दूरी

इस पूरी कहानी का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि जर्मनी के डॉक्टर को भागलपुर तक लाने में डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका रही. डॉ. जॉन ने दो वर्षों तक यूट्यूब पर डॉ. इम्तियाजुर रहमान के ऑपरेशन से जुड़े वीडियो देखे और उसी अनुभव ने उन्हें यहां आकर प्रत्यक्ष रूप से चिकित्सा प्रक्रिया समझने के लिए प्रेरित किया.

यह बताता है कि डिजिटल दौर में चिकित्सा ज्ञान अब किसी एक शहर, देश या संस्थान तक सीमित नहीं है. एक डॉक्टर दुनिया के किसी दूसरे हिस्से में बैठे चिकित्सक की कार्यप्रणाली देखकर उससे सीख सकता है और आगे चलकर उसी चिकित्सक के पास पहुंचकर प्रत्यक्ष अनुभव भी हासिल कर सकता है.

भागलपुर में जर्मनी के चिकित्सक का यह क्लिनिकल ऑब्जरवेशन न केवल दो चिकित्सा प्रणालियों के बीच संवाद का उदाहरण है, बल्कि यह भी दिखाता है कि बेहतर इलाज के लिए संसाधनों के साथ अनुभव, कौशल और मरीज-केंद्रित सोच की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है.

Also Read: JDU के पूर्व विधायक गोपाल मंडल कांग्रेस में होंगे शामिल, 4 बार रह चुके हैं MLA, टिकट कटने के बाद बदला सियासी ठिकाना

Also Read: बिहार के 11 लाख से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्का घर मिलने पर स्वीकृति, CM सम्राट ने बताया ऐतिहासिक कदम

The post जर्मनी के डॉक्टर ने भागलपुर में सीखा कम संसाधन में बेहतर इलाज का तरीका appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles