मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर पाटन प्रखंड में प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी आशीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों के साथ समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण हुआ। संचालन बीपीआरओ गिरिवर उरांव ने किया। बैठक में मतदाता सूची से जुड़े क्लेम एंड ऑब्जेक्शन, नोटिस वेरिफिकेशन, नोटिस तामिला के काम की समीक्षा की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यों की अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन के साथ सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को शामिल होने का निर्देश दिया गया था। निर्वाचन कार्यों के दायित्व में लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया गया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार काम पूरा करने को कहा गया। सीओ ने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी बीएलओ अपने क्षेत्र में दावा-आपत्ति, नोटिस सत्यापन, संबंधित अभिलेखों का काम गंभीरता से पूरा करें। काम पारदर्शिता के साथ हो। योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ने पर ध्यान रहे। त्रुटियों का निराकरण तय प्रक्रिया के अनुसार हो। निर्वाचन कार्य में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्वाचन से जुड़े काम की जानकारी दी गई। जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने समय पर काम पूरा करने को कहा। अद्यतन प्रगति रिपोर्ट देने को कहा।
