![]()
किशनगंज में लगातार बढ़ रही यातायात समस्या और प्रमुख चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम से लोगों को जल्द राहत मिलेगी। जिला प्रशासन ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए छह महत्वपूर्ण स्थानों पर ट्रैफिक लाइट लगाने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ये ट्रैफिक सिग्नल शहर के बस स्टैंड, पश्चिम पाली, कैल्टेक्स चौक, गांधी चौक, मस्ताना चौक और बहादुरगंज मोड़ पर लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है, जिसके कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। वाहनों की आवाजाही होगी व्यवस्थित प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, शहर के तेजी से बढ़ते विस्तार और वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि को देखते हुए आधुनिक यातायात प्रबंधन व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। ट्रैफिक लाइट लगने से वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होगी, सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और चौक-चौराहों पर यातायात नियंत्रण आसान होने के साथ-साथ लोगों का समय भी बचेगा। यह योजना केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं है। दूसरे चरण में बहादुरगंज, ठाकुरगंज और कोचाधामन सहित अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भी ट्रैफिक लाइट लगाने की तैयारी की जा रही है। इन प्रखंड स्तरीय क्षेत्रों में भी बाजार और स्कूल-कॉलेज के समय जाम की समस्या आम है। जाम की समस्या होगी कम स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि शहर में लंबे समय से ट्रैफिक सिग्नल की जरूरत महसूस की जा रही थी। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
