![]()
समस्तीपुर में रविवार की सुबह बाया नदी में डूबकर एक बच्ची की मौत हो गई। मृतका बोचहा पंचायत वार्ड-6 के रहने वाले विकास पासवान की बेटी सृष्टि कुमारी (5) हैं। जिसकी लाश 2 घंटे के बाद नदी से निकाली गई। ग्रामीण अजित कुमार ने बताया कि बाया नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। इस कारण आसपास के ग्रामीण इलाकों में पानी फैल गया है। बच्ची घर के पास खेल रही थी। खेलते-खेलते वह घर के नीचे उतरी और पानी के धार में बह गई। घटना मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के बोचरा पंचायत ग्वालगढ़ गांव का है। नदी में उपला रही थी लाश परिजन ने काफी देर तक बच्ची को नहीं देखा। जिसके बाद परिवार को लोग बच्ची की खोजबीन में जुट गए। इसी दौरान पानी में सृष्टि की लाश उपलाती हुई दिखी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर आई। एसआई दिवाकर यादव के नेतृत्व में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जनप्रतिनिधियों ने परिवार से मुलाकात की वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर विधायक राजेश कुमार सिंह के प्रतिनिधि रवीश कुमार सिंह ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। घटना पर मुखिया वकील पासवान, पूर्व मुखिया धर्मेंद्र राम, पंचायत समिति सदस्य चूल्हाई पासवान, राजेंद्र राय, प्रमोद राय, अजीत कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीणों ने भी शोक व्यक्त किया।
