![]()
राजनगर प्रखंड अंतर्गत नव प्राथमिक विद्यालय हाकासारा में शनिवार को विश्व सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष रोहित महतो के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं के बीच बाल तस्करी और सर्पदंश से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रोहित महतो ने बच्चों को बाल तस्करी से बचाव के साथ-साथ बरसात के मौसम में सर्पदंश से बचने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में सांपों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों को घर व आंगन में रात के समय जमीन पर नहीं सोना चाहिए। घर के आसपास झाड़ियों में खेलकूद करने से भी बचना चाहिए। उन्होंने बच्चों को सतर्क रहने और किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में नहीं आने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले, तो घबराने के बजाय उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उचित उपचार कराना चाहिए। झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका देवला सोरेन एवं कालीपदो महतो समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
