Thursday, August 27, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

बेगूसराय में भतीजे ने की चाचा की हत्या:जमीन विवाद में वारदात; बेटा बोला- मेरी आंखों के सामने 3 गोलियां मारी, तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया


बेगूसराय के रातगांव पंचायत स्थित बिसौआ गांव में बुधवार शाम हुई किसान विजय चौधरी(52) की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। खेत में सब्जी तोड़ने गए किसान की किसी अज्ञात अपराधी ने नहीं, बल्कि उनके चचेरे भाई के बेटा कुंदन चौधरी ने घात लगाकर हत्या की है। जमीन विवाद में हत्या की गई है। इस वारदात का सबसे खौफनाक पहलू यह रहा कि आरोपी ने मृतक के बेटे की आंखों के सामने ही एक के बाद एक तीन गोलियां चलाकर चाचा को मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलते ही एसपी मनीष मौके पर पहुंचे। घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र की है। ‘मेरे आंखों के सामने मार दी गोली’ मृतक विजय चौधरी के पुत्र राजा कुमार चौधरी ने बताया कि मैं पास ही आटा पिसाने गया हुआ था। शाम करीब 4 से 4:15 बजे के बीच अचानक खेत की तरफ से गोली चलने की आवाज आई। पहली गोली की आवाज सुनते ही मुझे अनहोनी की आशंका हुई। मैं बदहवास हालत में खेत की ओर भागा। जब मैं खेत के पास पहुंचा, तो मेरे सामने ही आरोपी ने दूसरी और तीसरी गोली मेरे पिता के शरीर में दाग दी। ‘प्लानिंग करके मारा है’ राजा कुमार चौधरी ने आगे बताया कि आरोपी को अच्छी तरह पता था कि विजय चौधरी हर दिन शाम 4 बजे के करीब खेत में मवेशियों के लिए चारा और घर के लिए सब्जी तोड़ने जाते हैं। इसी बात का फायदा उठाकर उसने खेत में लगे जनेर (घास) और झाड़ियों के पीछे पहले से ही पूरी प्लानिंग के साथ घात लगा रखी थी। जैसे ही पिताजी खेत पहुंचे, आरोपी ने उन पर गोलियां बरसा दी। परिजन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी कुंदन चौधरी आदतन मनबढ़ और आपराधिक प्रवृत्ति का युवक है। करीब एक साल पहले से लगातार परिवार को धमकियां दे रहा था। वह घर आकर 3-4 बार जान से मारने की धमकी दे चुका था। हमलोग समझते थे कि वह नशे (गांजा) की हालत में बकवास करता है और बड़ा भाई होने के नाते हंसी-मजाक में बोल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग विजय चौधरी की हत्या से उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों में दिनदहाड़े हुई इस हत्या को लेकर काफी गुस्सा है। परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस से हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। एसपी मौके पर पहुंचे मामले की गंभीरता को देखते हुए रात में तेज बारिश के बीच बेगूसराय के SP मनीष खुद घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार और स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौजूद रही। एसपी ने घटनास्थल और आसपास के इलाके का गहन निरीक्षण किया। मृतक के बेटे और अन्य परिजनों से बातचीत की। एसपी ने परिजनों से पुरानी रंजिश, धमकियों और संदिग्धों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई है। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नामजद आरोपी कुंदन चौधरी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जाए। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और आगे की कार्रवाई की जा रही है। ‘गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है’ एसपी मनीष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। FSL टीम को बुलाया गया। हमने भी मौके पर जाकर जांच-पड़ताल किया। परिजनों ने बताया है कि जमीन संबंधी विवाद के कारण अपने ही गोतिया ने हत्या किया है। तेघड़ा डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles