![]()
गिरिडीह में बराकर स्थित रीजू बालिका जैन मंदिर के पास एक चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ से टकरा गया। हादसे में वाहन सवार दो लोग घायल हो गए, जिसमें एक को गंभीर चोटें आयी हैं। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बिहार नंबर की कार (BR 01 HY 6361) गिरिडीह से डुमरी की ओर जा रही थी। मंदिर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ से जा टकराया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर के समय कार के एयरबैग खुल गए थे। इससे वाहन में सवार लोगों की जान बच गयी। लोगों का कहना है कि यदि एयरबैग नहीं खुलते, तो हादसा और गंभीर हो सकता था। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर लोगों की भीड़ जमा रही, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। लंबे समय से खड़ा है सूखा पेड़ स्थानीय निवासियों के अनुसार मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ा सूखा पेड़ लंबे समय से दुर्घटना का कारण बना हुआ है। लोगों का दावा है कि इस पेड़ से टकराने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से पेड़ को हटाने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क किनारे मौजूद सूखे तथा दुर्घटना की आशंका वाले पेड़ों का सर्वे कराने की मांग की है। हादसे रोकने के लिए पेड़ हटाने की मांग ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। खासकर रात के समय इन पेड़ों के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे पेड़ों को चिह्नित कर जल्द हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
