औरंगाबाद में शनिवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार MBBS डॉक्टर की मौत हो गई। जबकि पिता की हालत गंभीर है। घटना ओबरा थाना क्षेत्र के पटना-डेहरी मुख्य कैनाल स्थित तेजपुरा गांव के पास की है।
.
पिकअप की स्पीड 80kmph के आसपास थी। टक्कर के बाद पिकअप सड़क से नहर की खाई में जा गिरा। मृतक की पहचान डॉ. हर्षवर्धन कुमार(26) के तौर पर हुई है। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक अनिल कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल डॉ. विजय चौधरी(55) को इलाज के लिए दाउदनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कार सवार डॉक्टर को पिकअप ने मारी टक्कर।
कुछ दिन पहले मां को खोया, अब इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
हादसे ने हर्षवर्धन के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनके पिता डॉ. विजय चौधरी नालंदा जिले के रोहोई प्रखंड में चिकित्सा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। ग्रामीणों के अनुसार, छह महीने पहले हर्षवर्धन की मां की मौत हो गई थी। ऐसे में परिवार के इकलौते बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हर्षवर्धन कुमार तेजपुरा गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में अपने परिवार के साथ डेहरी में रह रहे थे। एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर ली थी। अभी तक शादी नहीं हुई थी। परिवार के इकलौते बेटे थे। हादसे की खबर मिलते ही तेजपुरा गांव से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

टक्कर के बाद पिकअप सड़क से नहर की ओर लुढ़की।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, पिकअप चालक फरार
ओबरा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जब्त कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पतालभेज दिया है। थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार पिकअप ड्राइवर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।

मौके पर जुटी लोगों की भीड़।
प्रशासन से स्थानीय ग्रामीणों की मां
तेजपुरा पंचायत के समाजसेवी संतोष सिंह उर्फ सौरभ कुमार ने कैनाल के किनारे बढ़ी झाड़ियों को हादसे का बड़ा कारण बताते हुए प्रशासन से तत्काल सफाई कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पटना-बारुण मुख्य कैनाल के किनारे कई जगह झाड़ियां और झूर काफी बढ़ गए हैं। इससे सड़क और आसपास का क्षेत्र स्पष्ट दिखाई नहीं देता और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
प्रशासन से कैनाल के किनारे झाड़ियों की कटाई कराने के साथ-साथ सड़क पर पर्याप्त रेडियम लगाने की मांग की, ताकि रात में वाहन चालकों को सड़क की स्थिति स्पष्ट दिखाई दे और हादसों पर रोक लगाई जा सके।

