Saturday, August 29, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

कोडरमा में 60 दिनों में 100 दुकानों में जांच:मिठाई में पाया गया कपड़ा रंगने वाला रंग, हल्दी, छोले, चटनी सब में मिलावट


कोडरमा में खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपना रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने जुलाई और अगस्त माह में जिले के 100 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों और फूड स्टॉलों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान लाखों रुपए के मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों को जब्त कर नष्ट किया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि जांच के दौरान अखाद्य रंगों से तैयार मिठाई, मिलावटी हल्दी, छोले, चटनी सहित कई अन्य खाद्य सामग्रियों में गड़बड़ी मिली। कार्रवाई के दौरान संबंधित खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में संबंधित प्रतिष्ठानों से जुर्माना भी वसूला गया है। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप है और उन्हें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विशेष सावधानी बरतने की चेतावनी दी गयी है। डोमचांच में 10 किलो रंगीन मिठाई व 50 किलो हल्दी नष्ट अभिषेक आनंद के अनुसार, 30 जुलाई को डोमचांच बाजार में दो दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों और फूड स्टॉलों की जांच की गयी। इस दौरान कई मिठाई दुकानों में अखाद्य रंगों से तैयार लड्डू और बर्फी बिक्री के लिए रखे मिले। विभाग ने करीब 10 किलोग्राम ऐसी मिठाइयां जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दीं। इसी कार्रवाई के दौरान एक किराना दुकान से 50 किलोग्राम मिलावटी हल्दी भी बरामद हुई। इसे भी मौके पर नष्ट कराया गया। इसके बाद सतगांवां प्रखंड के पसाडीह बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों और फूड स्टॉलों की जांच की गई। यहां करीब 20 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान लगभग 10 किलोग्राम अखाद्य रंगों से तैयार मिठाई और बर्फी मिली, जिसे विभाग ने नष्ट करा दिया। विभाग ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने की हिदायत दी। तिलैया डैम के पास छोले-चटनी में मिली मिलावट 20 अगस्त को चंदवारा प्रखंड के तिलैया डैम के पास स्थित बाजार में भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। यहां करीब 25 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। ठेले और दुकानों पर बिक रहे छोले, चटनी और हल्दी की जांच के दौरान इनमें अखाद्य रंगों की मिलावट पाई गई । विभाग ने मिलावटी खाद्य सामग्रियों को तत्काल नष्ट करा दिया। साथ ही दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गयी कि भविष्य में इस तरह की मिलावट पाये जाने पर उनके फूड लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। इसके अलावा कोडरमा, मरकच्चो और जयनगर प्रखंडों में भी अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कार्रवाई के साथ प्रशिक्षण भी दिया जा रहा खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच और कार्रवाई के साथ जागरूकता पर भी जोर दिया है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने बताया कि बीते महीनों में विभाग की ओर से कार्रवाई के साथ लोगों और खाद्य कारोबारियों को यह जानकारी देने का प्रयास किया गया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की समस्या को कैसे रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से अलग-अलग प्रखंडों के फूड वेंडरों के लिए 13 अगस्त को सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्ट्रीट फूड वेंडरों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित जरूरी जानकारी दी गई।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles