![]()
जमुई के मोहनपुर थाना क्षेत्र के सोनदीपी इलाके में शुक्रवार देर रात प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला सामने आया। प्रेमिका से मिलने पहुंचे 21 वर्षीय युवक को ग्रामीणों और परिजनों ने पकड़ लिया। इसके बाद देर रात करीब 2 बजे पटेश्वर नाथ मंदिर में पंडित की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी गई। हालांकि, शादी के बाद युवक ने इसे जबरन कराई गई शादी बताते हुए मानने से इनकार कर दिया। मामले में 19 साल की युवती ने शनिवार शाम मोहनपुर थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आवेदन के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शादी का वीडियो रविवार से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रात में मिलने पहुंचा था युवक, ग्रामीणों ने पकड़ लिया युवती के आवेदन के अनुसार, उसका पिछले करीब एक साल से सुदीन कुमार (21) के साथ प्रेम संबंध था। युवती का आरोप है कि दोनों की पहचान करीब एक साल पहले झाझा में हुई थी। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर लिया और बातचीत शुरू हुई। युवती का कहना है कि उसने युवक को अपने बारे में पहले ही पूरी जानकारी दे दी थी। इसके बावजूद युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिया। युवती ने आरोप लगाया कि शादी का भरोसा देकर युवक ने उसके साथ कई बार संबंध बनाए। आवेदन के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले युवक ने युवती को अपने मामा के घर बुलाया था। इसके बाद वह वहीं रहने लगी। शुक्रवार रात युवक उससे मिलने पहुंचा था। इसी दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। रात 2 बजे मंदिर में करा दी शादी युवक के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में दोनों की शादी कराने का फैसला लिया गया। इसके बाद रात करीब 2 बजे पटेश्वर नाथ मंदिर में पंडित की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी गई। शादी का वीडियो भी बनाया गया, जो रविवार से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों को मंदिर परिसर में शादी की रस्में निभाते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, युवती का आरोप है कि शादी के बाद युवक ने शादी को मानने से इनकार कर दिया। युवक का कहना था कि उसकी शादी जबरन कराई गई है। युवती ने थाने में आवेदन देकर मांगा न्याय युवती ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि युवक पिछले करीब एक साल से शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। उसने पुलिस प्रशासन से मामले की न्यायिक जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। युवती ने अपने आवेदन में अपनी पूर्व शादी का भी जिक्र किया है। ग्रामीणों के अनुसार, युवती की पहले भी शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले झाझा थाना क्षेत्र के एक युवक से उसकी शादी हुई थी। हालांकि, शादी के बाद पति ने उसे छोड़ दिया था। पुलिस ने कहा है कि इस पूर्व विवाह की जानकारी फिलहाल पुलिस को नहीं है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने FIR दर्ज की, मेडिकल जांच के लिए भेजा मोहनपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि युवती के आवेदन के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शादी किन परिस्थितियों में हुई, युवक और युवती के बीच संबंध तथा युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। शादी की वैधता पर भी उठ रहे सवाल घटना के बाद इलाके में इस शादी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ने के बाद देर रात मंदिर में शादी करा दी, लेकिन बाद में युवक के शादी से इनकार करने के कारण मामला थाने तक पहुंच गया। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट करेगी कि दोनों के बीच संबंध और शादी को लेकर क्या परिस्थितियां थीं और युवती द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। मेडिकल रिपोर्ट, दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कद छोटा होने पर पति ने छोड़ा,प्रेमी से दूसरी शादी:जमुई में प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक पकड़ाया, बोला- जबरन करवाई गई शादी
