Thursday, June 4, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

दुमका में मजदूर नेता अरुण सिंह पर फायरिंग:डीआईजी कार्यालय के पास मारी दो गोली, एक लगी, बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर


दुमका शहर के नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ी वारदात हुई। डीआईजी कार्यालय के पास संथाल परगना मजदूर मोटर संघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष अरुण सिंह पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। सुबह करीब 6 बजे अरुण सिंह अपने गिलान पाड़ा स्थित घर से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दो अपराधियों ने उन पर दो राउंड गोली चलाई। एक गोली उन्हें लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज से आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ अरुण सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फूलो झानो मेडिकल कॉलेज से आसनसोल रेफर घायल अरुण सिंह को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। अप्रैल में भी हुआ था हमला गौरतलब है कि अप्रैल माह में भी कोर्ट परिसर के पास अरुण सिंह पर गोली चलाने का प्रयास किया गया था। उस समय उन्होंने हमलावर का सामना किया था, जिसके बाद अपराधी भाग निकले थे। लगातार दूसरी बार हुई फायरिंग की घटना से शहर में दहशत का माहौल है। सुबह के समय शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में इलाज की व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई है। मामले में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने दो राउंड फायरिंग की है और घायल को बेहतर इलाज के लिए बाहर भेजा गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles