रांची4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बड़ा तालाब के पास असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए नई पुलिस पोस्ट बनाई जाएगी। यहां एक बीट ऑफिसर, टाइगर मोबाइल पेट्रोलिंग और 4 जवानों की 24X7 तैनाती रहेगी। पुलिस कार्यालय में मंगलवार को आयोजित ‘जन वार्तालाप’ कार्यक्रम में यह निर्णय लिया गया। बड़ा तालाब के समीप स्थित अघोरी आश्रम के पास बंद चीनी फैक्ट्री के परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा असामाजिक गतिविधियां किए जाने की शिकायत पर यह निर्णय लिया गया है।
कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रांची ने कोतवाली थाना क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। बैठक में विधि-व्यवस्था, जाम, अतिक्रमण और असामाजिक तत्वों से जुड़ी समस्याओं को सुनने के बाद एसएसपी ने कई कड़े निर्णय लिए और अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।
नो-एंट्री में वाहनों पर सख्ती
इसके अलावा नो-एंट्री में भारी वाहनों पर सख्ती बरतने का भी निर्णय लिया गया। जालान रोड, भुइयां टोली, किशोरी सिंह यादव चौक व सेवा सदन क्षेत्र में नो-एंट्री के दौरान बड़े मालवाहक वाहनों के घुसने और पार्किंग पर रोक लगा दी गई है। नियम तोड़ने या सड़क पर खड़े पाए जाने वाले वाहनों पर चालान की सीधी कार्रवाई होगी।
हटेगा अतिक्रमण
सब्जी बाजार में सड़क पर दुकानें लगने से होने वाले जाम को लेकर नगर निगम से समन्वय बनाकर संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। एसएसपी ने लोगों से अपील की कि वे अपने इलाके में नशाखोरी या किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

