Wednesday, September 2, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

जहानाबाद में उफनी मोरहर-दरधा नदियां:एक दर्जन गांव जलमग्न; धान की फसल डूबी, सड़क पर 2 फीट पानी


जहानाबाद में लगातार हो रही बारिश के कारण जहानाबाद जिले में मोरहर और दरधा नदियां उफान पर हैं। नदियों का पानी आसपास के इलाकों में फैलने से घोसी, गोनमा और आलमपुर समेत करीब एक दर्जन गांव जलमग्न हो गए हैं। कई जगह सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित है। ग्रामीणों के सामने घर से निकलने से लेकर बच्चों की पढ़ाई और इलाज तक की परेशानी खड़ी हो गई है। आलमपुर गांव निवासी राजीव कुमार ने बताया कि गांव की आने-जाने वाली सड़क पर करीब दो फीट पानी बह रहा है। इससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। पानी भरने के कारण बच्चों का स्कूल जाना भी बंद हो गया है। वहीं, बीमार महिलाओं को भी जान जोखिम में डालकर पानी से भरी सड़क पार करनी पड़ रही है। खेतों में पानी भरने से धान की फसल डूबी ग्रामीण शिव लखन यादव ने बताया कि गांव के खेतों में पानी भर गया है। इससे धान की फसल पूरी तरह पानी में डूब गई है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रही तो धान की पूरी फसल बर्बाद हो सकती है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। रिटायर्ड जवान की भी फसल बर्बाद होने की आशंका सेवानिवृत्त जवान मधेश्वर सिंह ने भी बताया कि उनके खेतों में पानी भरने से धान की फसल डूब गई है। इससे उन्हें काफी नुकसान हो रहा है। उनका कहना है कि लगातार जलजमाव रहने से फसल को बचाना मुश्किल होगा। जलनिकासी नहीं होने से बढ़ी परेशानी ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश और नदी का पानी गांवों में जमा हो रहा है। इससे सड़क, घर और खेत सभी प्रभावित हैं। लोगों का कहना है कि पहले भी नदी में पानी बढ़ने के बाद ऐसी ही स्थिति पैदा हुई थी। उस समय भी प्रशासन और सरकार से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप मधेश्वर सिंह ने प्रशासन पर ग्रामीणों की समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि हर साल बारिश के दौरान गांवों में जलजमाव की स्थिति बनती है, लेकिन इससे निपटने के लिए अब तक कोई स्थायी कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था करने और फसल नुकसान का जायजा लेकर किसानों को राहत देने की मांग की है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles