जिले किस्को थाना क्षेत्र के पठारी इलाके के पाखर गांव में नाले में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कमलदेव नगेसिया 37 वर्ष पिता स्व स्कलू नगेशिया निवासी पाखर सरनापाठ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कमलदेव नगेशिया रविवार को बॉक्साइट माइंस में काम करने गया था। शाम में वह अपने एक साढ़ू के साथ काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान वह आगे निकल गया और रास्ते में एक नाले में गिरकर 12 घंटे वहीं पड़ा रह गया। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान पाखर पोखरापाठ के समीप एक नाले में वह मृत अवस्था में मिला। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए। सोमवार को घटना की जानकारी मिलने पर किस्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई विजय सामड पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाना लाया। पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया नाले में गिरने से ही युवक की मौत होने की बात सामने आ रही है।
