![]()
बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश शनिवार को बेगूसराय दौरे पर पहुंचे। चांदपुरा गांव पहुंचने पर एनडीए कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। मंत्री का मुख्य कार्यक्रम जदयू के जिला महासचिव रामराम महतो के आवास पर आयोजित था। यहां उन्होंने एनडीए कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने और पंचायती राज व्यवस्था को और सशक्त बनाने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। ग्राम कचहरी और पंचायत सरकार भवनों को आधुनिक बनाया जा रहा है, ताकि गांव के लोगों को गांव में ही न्याय और सरकारी सुविधाएं मिल सकें। इस मौके पर रालोमो के जिलाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बिहारी वर्मा, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अवध शर्मा, चांदपुरा के पूर्व मुखिया सुरेंद्र कुमार सहनी, जदयू जिला सचिव मनोहर महतो, नीमा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अजीत कुमार, लोजपा के सन्नी कुमार, उमेश महतो, जदयू के नरेश तांती, भगीरथ सहनी और भाजपा के अजय कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी दौरान ग्राम कचहरी सचिव संघ और विद्यालय रात्रि प्रहरी (नाइट गार्ड) संघ के प्रतिनिधियों ने मंत्री को अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ग्राम कचहरी सचिवों ने मानदेय बढ़ाने और स्थायीकरण की मांग की। वहीं, नाइट गार्ड संघ ने वर्षों से रुके वेतन भुगतान और सेवा नियमित करने की गुहार लगाई। मंत्री दीपक प्रकाश ने दोनों संगठनों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को गंभीरता से सरकार के सामने रखा जाएगा और उचित समाधान निकाला जाएगा।
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश बेगूसराय पहुंचे:चांदपुरा में स्वागत, ग्राम कचहरी सचिवों और नाइट गार्ड ने सौंपा ज्ञापन
