नेशनल हाइवे-133 पर सरैयाहाट थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव के समीप शनिवार को सड़क हादसे में टोटो सवार दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरैयाहाट पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। शनिवार को एक कार एनएच-133 से होकर गुजर रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक टोटो ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टोटो पर सवार चार यात्री घायल हो गए। हादसे में सरैयाहाट थाना क्षेत्र के मोहरा गांव निवासी मुन्नी देवी और रेखा देवी तथा सिमरिया गांव निवासी कामदेव और नेहरू घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सरैयाहाट थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चारों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों के स्वजन भी अस्पताल पहुंचने लगे। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक एनएच पर लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी लेने के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

