![]()
मोतिहारी के बापू सभागार में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा’ विषय पर एक सेमिनार हुआ। इसका आयोजन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत किया गया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व जोनल डायरेक्टर और वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने मुख्य अतिथि के तौर पर दीप जलाकर इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर जिले के कई कॉलेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं, युवा, शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजकों ने अतिथियों का स्वागत किया। सेमिनार को संबोधित करते हुए समीर वानखेड़े ने सभी युवाओं, छात्रों और आम लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बिहार आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। PM ने ‘नशा मुक्त भारत’ का आह्वान किया – वानखेड़े बिहार में शराबबंदी लागू है और सरकार नशाबंदी को लेकर गंभीर है। इसके बावजूद युवा आज भी सूखा नशा और दूसरे मादक पदार्थों की तरफ आकर्षित हो रहे हैं, जो चिंता की बात है। इसे रोकने के लिए खास तौर पर काम किया जा रहा है। वानखेड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नशा मुक्त भारत’ का आह्वान किया है। इस दिशा में पूरे देश में अभियान चलाया जा रहा है। सभी विभाग और सामाजिक संगठन मिलकर युवाओं को नशे से दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं। नशा सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और देश के भविष्य को भी बर्बाद करता है। रियल हीरो से प्रेरणा लेने की अपील वानखेड़े ने युवाओं से अपील की कि आज के युवा ‘रील हीरो’ के पीछे भाग रहे हैं। उन्हें ‘रियल हीरो’ से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे असली नायक वीर कुंवर सिंह, महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज हैं। इन सभी ने देश और समाज के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर नशे के खिलाफ अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करें, अपने लक्ष्य पर ध्यान दें और नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने भी नशे से दूर रहने और दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया। आखिर में आयोजकों ने समीर वानखेड़े को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
समीर वानखेड़े ने युवाओं को नशा मुक्ति की दिलाई शपथ:मोतिहारी में बोले- रील हीरो नहीं, रियल हीरो से प्रेरणा लें युवा
