![]()
कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने राजनीतिक कार्यक्रम रोक दिए हैं। झामुमो, भाजपा, कांग्रेस और जदयू ने यह निर्णय लिया। रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू की प्रेस वार्ता होनेवाली थी, पर निधन की सूचना मिलते ही प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता रोकने की घोषणा कर दी। रविवार को होने वाले पार्टी के सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन, मधु मोड़ा, समेत प्रदेश भाजपा के सभी पदाधिकारियों और नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया पार्टी के वरीय नेताओं ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। कांग्रेस ने घोषणा की कि शोक की इस घड़ी को देखते हुए 7 सितंबर को प्रस्तावित लोकभवन मार्च-प्रदर्शन कार्यक्रम एवं 8 सितंबर को एसआईआर पर आयोजित बैठक को भी स्थगित किया जाता है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने कार्यालय आदेश जारी कर पार्टी के सभी जिला अध्यक्ष, जिला सचिव, जिला संयोजक, जिला प्रमुख, महानगर अध्यक्ष एवं महानगर संयोजकों को बताया कि 7 सितंबर के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर होने वाले धरना-प्रदर्शन को स्थगित किया जाता है। सरयू राय के सेमिनार का मंच शोकसभा में बदला स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट और नेचर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ विषयक सेमिनार स्थगित कर दिया गया। कार्यक्रम के संयोजक और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि सेमिनार की दूसरी तिथि तय होगी। कैबिनेट मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन के कारण सेमिनार को शोकसभा में बदल दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान ही सुदिव्य कुमार सोनू की एक बड़ी सी प्रतिमा सभागार में लाई गई और सरयू राय के साथ उपस्थित सैकड़ों लोगों ने उन्हें पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। 8 सितंबर से प्रस्तावित पुलिस एसोसिएशन का आंदोलन टला झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने 8 से 10 सितंबर तक प्रस्तावित अपने आंदोलन को टाल दिया है। एसोसिएशन ने नौ सूत्री मांगों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन की घोषणा की थी, लेकिन मंत्री के निधन की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय कार्यकारिणी की विशेष बैठक में सर्वसम्मति से इसे फिलहाल टालने का फैसला लिया गया। बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन को रद्द नहीं किया गया, बल्कि फिलहाल स्थगित किया गया है।
राजनीतिक दलों अपना-अपना राजनीतिक कार्यक्रम रोका:सुदिव्य के निधन पर दलों की सीमाएं टूटीं, सभी पार्टियों के कार्यक्रम रद्द
