Monday, September 7, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

मुजफ्फरपुर में जॉब कैंप, 25 पदों के लिए 150+ अभ्यर्थी:BCA-CTET और कई डिग्रीधारी भी पहुंचे; 11,752 रुपए की नौकरी के लिए दिखी भीड़


मुजफ्फरपुर जिला नियोजनालय में सोमवार को रोजगार कैंप लगा। जिसमें सिर्फ 25 पदों के लिए 150 से ज्यादा अभ्यर्थी पहुंच गए। कस्टोडियन के इन पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं पास रखी गई थी, लेकिन नौकरी की तलाश में बीसीए, सीटीईटी, डीएलएड, लाइब्रेरी साइंस समेत कई डिग्री हासिल कर चुके युवा भी पहुंचे। किसी को नौकरी की तत्काल जरूरत है तो कोई अपने क्वालिफिकेशन के मुताबिक अवसर की तलाश में है। कैंप का आयोजन सीएमएस इंफोसिस्टम लिमिटेड की ओर से जिला नियोजनालय परिसर में किया गया। कंपनी ने कस्टोडियन के 25 पदों पर बहाली के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन लिए। नौकरी का लोकेशन मुजफ्फरपुर ही रखा गया है और वेतन करीब 11,752 रुपए प्रतिमाह है। कंपनी की ओर से पीएफ, ईएसआई और इंसेंटिव जैसी सुविधाएं भी बताई गई हैं। युवक-युवतियों ने रिज्यूम जमा किया सुबह से ही जिला नियोजनालय परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी। युवक-युवतियों ने फॉर्म भरा और अपना रिज्यूम जमा किया। इसके बाद कंपनी की टीम ने इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू की। कंपनी के पदाधिकारी के अनुसार कस्टोडियन की नौकरी जिम्मेदारी वाली है। इसमें कैश को एटीएम तक पहुंचाने और उसका मिलान समेत कई जिम्मेदारियां होती हैं। इसलिए सिर्फ सीट भरने के बजाय कंपनी बेहतर अभ्यर्थियों का चयन करना चाहती है।
12वीं पास की नौकरी, पहुंच गए हाई क्वालिफाइड युवा इस रोजगार कैंप की सबसे बड़ी तस्वीर यह रही कि जिस पद के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं पास थी, उसके लिए भी उच्च शिक्षित अभ्यर्थी पहुंचे। मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा निवासी रौनक कुमार बीसीए कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि वह सिर्फ यह देखने और समझने पहुंचे थे कि नियोजनालय में नौकरी की प्रक्रिया किस तरह होती है। उनका कहना था कि बीसीए करने के बाद वह कंप्यूटर से जुड़े क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं, इसलिए इस नौकरी में उन्हें अपने करियर की संभावना कम दिख रही है। उनके मुताबिक, इस तरह की नौकरी उन युवाओं के लिए उपयोगी हो सकती है जिन्हें तत्काल रोजगार की जरूरत है, लेकिन अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं की अपेक्षाएं इससे अलग हैं। कई डिग्रियां, फिर भी मनपसंद नौकरी का इंतजार कैंप में पहुंची देवम ने बताया कि उनके पास कई डिग्रियां हैं। उन्होंने डीएलएड के साथ कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव का कोर्स, एडीसी और लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई की है। वह सीटीईटी भी क्वालिफाइड हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके प्रोफाइल के मुताबिक यहां कोई नौकरी उपलब्ध नहीं है। आज की कंपनी में मुख्य रूप से पुरुष अभ्यर्थियों की भर्ती हो रही है, क्योंकि काम में सुरक्षा से जुड़े कारणों के साथ कभी-कभी नाइट ड्यूटी भी हो सकती है। देवम ने कहा कि नियोजन पदाधिकारी की ओर से आगे महिला अभ्यर्थियों के लिए भी कंपनियां और टीचिंग सेक्टर से जुड़े अवसर आने की बात कही गई है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि आगे उनकी योग्यता के मुताबिक नौकरी का अवसर मिलेगा।
किसी के लिए कम सैलरी, किसी के लिए अच्छा मौका पारू थाना क्षेत्र से पहुंचे अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि उन्होंने अपना रिज्यूम जमा कर दिया है और इंटरव्यू के लिए कंपनी की ओर से कॉल किए जाने की बात कही गई है। उन्होंने नौकरी में पीएफ, ईएसआई, इंसेंटिव और बोनस जैसी सुविधाओं को सकारात्मक बताया। उनके अनुसार, करीब 8 घंटे की ड्यूटी है और अतिरिक्त काम करने पर अलग भुगतान की बात भी बताई गई है। सकरा के बरियारपुर से पहुंचे अरमान अंसारी ने बताया कि उन्हें इंटरव्यू के लिए रिज्यूम जमा करने को कहा गया है। उनका कहना था कि अगर रिज्यूम और प्रोफाइल कंपनी के मुताबिक रहा तो चयन हो सकता है।
नियोजन पदाधिकारी बोलीं- नौकरी नहीं मिली तो निराश न हों जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने कहा कि बच्चों में रोजगार को लेकर उत्साह देखकर खुशी हो रही है। जिला नियोजनालय के माध्यम से लगातार रोजगार कैंप लगाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि हर महीने जिला नियोजनालय के माध्यम से चार रोजगार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 18 सितंबर को आईटीआई कैंपस में नियोजन मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि किसी एक कैंप में चयन नहीं होने पर निराश होने की जरूरत नहीं है। लगातार रोजगार कैंप लगाए जा रहे हैं और कोशिश है कि युवाओं को उनकी योग्यता और उपलब्ध अवसर के अनुसार रोजगार दिलाया जा सके।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles