![]()
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास मंगलवार को हजारीबाग पहुंचे। उन्होंने यहां भाजपा के एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में हिस्सा लिया। यह धरना छात्र आंदोलन के समर्थन और छात्रों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में आयोजित किया गया था। इसमें हजारीबाग जिले के भाजपा विधायक, सांसद मनीष जायसवाल समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरना-प्रदर्शन के जरिए भाजपा ने छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तुरंत वापस लेने की मांग की। पार्टी ने हजारीबाग डीसी और एसपी को ज्ञापन सौंपकर छात्रों के खिलाफ दर्ज मामले तुरंत वापस लेने को कहा। धरना खत्म होने के बाद रघुवर दास ने जेपीएससी रिफॉर्म मंच के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों से जुड़े पूरे मामले और उनकी मांगें उनके सामने रखीं। रघुवर दास ने छात्रों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। मीडिया से बात करते हुए रघुवर दास ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने छात्रों को ठगा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर सरकार सीबीआई जांच से क्यों डर रही है। उन्होंने अभय तिवारी को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। रघुवर दास ने कहा कि अभय तिवारी किसके संरक्षण में इतना बड़ा व्यक्ति बन गया कि परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक करने लगा। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। रघुवर दास ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद को छात्रों के साथ खड़ा बताते हैं, लेकिन जब छात्रों पर जेएमएम और पुलिस ने लाठीचार्ज किया, तब राहुल गांधी ने एक शब्द नहीं बोला।
छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग:पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पहुंचे हजारीबाग, अभय तिवारी मामले की CBI जांच की मांग की
