![]()
चतरा के टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में महिला और युवक को कथित तौर पर बंधक बनाए जाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया। इसमें टंडवा थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा और एक जवान घायल हो गए। थानेदार के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई। उन्हें 6 टांके लगे हैं। थाना प्रभारी के अनुसार, उग्र भीड़ से बचने के लिए पुलिस को आत्मरक्षा में चार राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। महिला-युवक को घर में बंधक बनाने की सूचना पुलिस के अनुसार, मंगलवार की देर शाम सूचना मिली थी कि सिदपा गांव में ग्रामीणों ने कामता निवासी मो शाहबाज अंसारी और एक आदिवासी महिला को एक घर में बंधक बना रखा है। इसके बाद टंडवा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस दोनों को वहां से सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान युवक के कुछ समर्थक एस्बेस्टस की छत तोड़कर हंगामा करने लगे। पुलिस ने स्थिति शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच भीड़ अचानक उग्र हो गई। पुलिस टीम पर पत्थर बरसाने लगी। पथराव में थानेदार घायल, रांची भेजा गया थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा ने बताया कि पथराव में उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगी। उन्हें 6 टांके आए हैं। एनटीपीसी संजीवनी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया। उन्होंने बताया कि घटना के दौरान एक अन्य जवान भी घायल हुआ है। भीड़ लगातार उग्र हो रही थी, इसलिए पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया। बाद में आत्मरक्षा के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग की। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना और टीम की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। महिला के कथित ऑडियो से मामले में नया मोड़ घटना के बाद पीड़ित महिला का कथित ऑडियो सामने आया है। इसमें महिला ने दावा किया है कि शाहबाज केवल अपना बकाया पैसा मांगने आया था। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने साजिश के तहत दोनों को फंसाने के लिए बाहर से घर का दरवाजा बंद कर दिया था। हालांकि, ऑडियो की पुष्टि नहीं हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी अनिमेष नैथानी रात में ही भारी पुलिस बल के साथ सिदपा पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी के घायल होने की पुष्टि की, लेकिन हवाई फायरिंग के सवाल पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी। गांव में पुलिस बल तैनात, जांच जारी घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े घटनाक्रम और पथराव की परिस्थितियों की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। साथ ही भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। फिलहाल सिदपा गांव में स्थिति पर पुलिस नजर बनाए हुए है और मामले की गहन जांच जारी है।
चतरा में बंधकों को छुड़ाने गई पुलिस पर पथराव:थाना प्रभारी गंभीर घायल, सिर में लगे टांके; भीड़ को काबू करने हवाई फायरिंग
