![]()
गुमला के भरनो प्रखंड की मारासिली पंचायत के महूगांव टंगरा टोली में बुधवार सुबह जंगली हाथी ने एक बुजुर्ग ग्रामीण को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान 60 वर्षीय शनि उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शनि उरांव सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए अपने घर से कुछ दूर झाड़ियों की तरफ गए थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना जंगली हाथी से हो गया। इससे पहले कि वह संभल पाते, हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और कुचल दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मारासिली पंचायत के मुखिया सुकेश उरांव भी घटनास्थल पर पहुंचे और वन विभाग व भरनो थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची सूचना मिलने के बाद भरनो थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर निर्मल प्रसाद पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं बसिया वन विभाग के प्रभारी वनपाल शेखर सिंह भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और आगे की कार्रवाई शुरू की। भरनो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में जंगली हाथी के मौजूद होने की आशंका से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी के हमले की घटना ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने वन विभाग से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और हाथियों के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पत्नी को एक लाख का चेक देने की बात हाथी के हमले में शनि उरांव की मौत के बाद वन विभाग ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। प्रभारी वनपाल शेखर सिंह ने मृतक की पत्नी को तत्काल राहत के तौर पर एक लाख रुपए का चेक देने की बात कही है। उन्होंने बताया कि शेष मुआवजा निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिया जाएगा। वनपाल ने ग्रामीणों को जंगली हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग हाथी के पास जाने या उसे किसी तरह छेड़ने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे खतरा बढ़ सकता है। वन विभाग की टीम इलाके में लगातार निगरानी कर रही है। हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है, लेकिन विभाग की टीम सुरक्षा को लेकर लगातार काम कर रही है।
गुमला में जंगली हाथी ने बुजुर्ग को कुचला, मौत:घर के बाहर निकला था, झाड़ियों के पास हाथी से हुआ सामना, वन विभाग की टीम पहुंची
