शहर के ब्लॉक मोड़ के पास मंगलवार दोपहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रक ने बिजली के पोल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का एक पोल ट्रक में फंस गया और चालक उसे सड़क पर घसीटते हुए पावरगंज तक ले गया। वहीं मौके पर लगा दूसरा बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान सड़क पर चल रहे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि बिजली का पोल किसी राहगीर या वाहन पर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस दौरान अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। टक्कर के कारण बिजली के पोल के साथ बिजली के तार और अन्य केबल भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे सड़क पर कुछ समय के लिए स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना में चालक के नशे में होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शहर में भारी वाहनों के चालकों की लापरवाही और मनमानी के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भारी वाहनों के चालकों की जांच और निगरानी नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की नियमित जांच, चालकों की नशे की जांच व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
