![]()
मोतिहारी में उत्पाद विभाग के कार्यालय गेट पर वसूली का एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि उत्पाद थाना में पकड़े गए परिजनों से मिलने के लिए 100 रुपए लिए जा रहे हैं। यह वसूली गेट पर तैनात दो गार्ड द्वारा की जा रही है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अपने पकड़े गए परिजन से मिलने आता है। गेट पर तैनात गार्ड उसे पैसे लेने का तरीका बताती हैं और कहती हैं कि इसमें हिस्सा ऊपर तक जाता है। इसके बाद व्यक्ति 100 रुपए का नोट देता है, जिसके बाद उसे अंदर जाने दिया जाता है। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। इसके बाद उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर फिर से सवाल उठने लगे हैं।
वीडियो की जांच के लिए बनाई गई टीम वीडियो सामने आने के बाद सहायक आयुक्त कार्यालय उत्पाद के अधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि वीडियो की सच्चाई जानने के लिए एक टीम बनाई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद वीडियो में दिख रहे दोषी होमगार्ड जवान पर कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि उत्पाद विभाग में पहले भी ऐसी वसूली की शिकायतें मिलती रही हैं। हालांकि, इस बार वीडियो सामने आने से विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आम लोगों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मोतिहारी में उत्पाद कार्यालय के गेट पर अवैध वसूली;VIDEO वायरल:गार्ड पर ऊपर तक पैसे ले जाने का आरोप, सहायक आयुक्त ने बनाई जांच टीम
