![]()
पटना में एक महिला आयकर अधिकारी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए CBI ने गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एक NGO को 12ए और 80जी प्रमाणपत्र जारी करने के बदले 75 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में हुई है। CBI ने विभाग की एक क्लर्क को भी पकड़ा है, जिसने रिश्वत लेने में अधिकारी की मदद की थी। यह मामला श्रवण ज्योति विवेकानंद संस्थान से जुड़ा है। संस्थान ने आयकर विभाग में 12ए और 80जी प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि प्रमाणपत्र जारी करने के लिए महिला आयकर अधिकारी सुनंदा कुमार ने संस्थान के प्रतिनिधि से 75 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। संस्थान के प्रतिनिधि ने की थी शिकायत संस्थान के प्रतिनिधि ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत CBI से की थी। शिकायत मिलने के बाद CBI की भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) टीम ने आरोपों की जांच की। जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए एक योजना बनाई गई। पटना ACB की टीम ने DSP रुबी चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता आयकर गोलंबर स्थित आयकर कार्यालय पहुंचा। उसने महिला अधिकारी को रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 15 हजार रुपए दिए। आरोप है कि महिला आयकर अधिकारी ने रिश्वत की रकम खुद नहीं ली। उसने विभागीय क्लर्क के माध्यम से यह रकम स्वीकार की। जैसे ही पैसों का लेन-देन हुआ, वहां पहले से मौजूद CBI की टीम ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। पहले भी रिश्वत लेने के मामलों की जांच CBI टीम ने कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए CBI अपने साथ ले गई है। CBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि 12ए और 80जी प्रमाणपत्र जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने का यह अकेला मामला है या इससे पहले भी इस तरह के लेन-देन हुए हैं। इसके लिए आयकर कार्यालय से जुड़े दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पटना में महिला आयकर अधिकारी रिश्वत लेते पकड़ी गई:12ए-80जी सर्टिफिकेट के लिए 75 हजार मांगे थे, CBI ने क्लर्क को भी दबोचा
