Friday, September 11, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

MLC चुनाव की मतदाता सूची, जन सुराज ने उठाए सवाल:तिरहुत में 1668 डुप्लीकेट नाम मिलने का दावा, CEO बोले- अंतिम सूची में हर गड़बड़ी दूर करें


एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची में कथित विसंगतियों को लेकर जन सुराज पार्टी ने निर्वाचन आयोग से सुधार की मांग उठाई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), बिहार से मुलाकात की और मतदाता सूची में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने विशेष रूप से तिरहुत क्षेत्र की मतदाता सूची में एक ही नाम के दो-दो बार दर्ज होने का मामला उठाया। जन सुराज का दावा है कि तिरहुत क्षेत्र में 1668 नाम डुप्लीकेट पाए गए हैं। दो दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाया था मामला मनोज भारती ने कहा कि जन सुराज ने दो दिन पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एमएलसी चुनाव की जारी मतदाता सूची में मौजूद विसंगतियों को सामने रखा था। उस दौरान पार्टी ने तिरहुत क्षेत्र की सूची में डुप्लीकेट नामों की सूची भी सार्वजनिक की थी। अब इसी मामले को लेकर निर्वाचन आयोग को ज्ञापन दिया गया है। उन्होंने कहा कि आयोग ने पार्टी का ज्ञापन स्वीकार किया है और मतदाता सूची में सामने आई गलतियों का संज्ञान भी लिया है। आयोग की ओर से बताया गया है कि चुनाव की घोषणा होने तक मतदाता सूची में जरूरी संशोधन की प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद जो अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी, उसी के आधार पर एमएलसी चुनाव कराया जाएगा। एमएलसी मतदाता सूची में अपनाने की मांग जन सुराज ने निर्वाचन आयोग के सामने एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में बदलाव की मांग भी रखी। मनोज भारती ने कहा कि जिस तरह विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार और संशोधित की जाती है, उसी तरह की प्रक्रिया विधान परिषद चुनाव के लिए भी अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि चुनाव से पहले होने वाले पुनरीक्षण के दौरान स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के लिए अलग-अलग कॉलम बनाए जाएं। इसके बाद निर्वाचन आयोग सूची को अलग-अलग छांटकर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदाता सूची तैयार करे। इससे डुप्लीकेट नामों और अन्य विसंगतियों की पहचान करने में आसानी होगी। आयोग ने कहा- प्रक्रिया में बदलाव अधिकार क्षेत्र से बाहर मनोज भारती के अनुसार, मुलाकात के दौरान निर्वाचन आयोग की ओर से इस मांग को लेकर कुछ तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। आयोग की ओर से बताया गया कि मतदाता सूची तैयार करने की विधि और प्रक्रिया में बदलाव विधि-विधान से जुड़ा विषय है और यह सीधे आयोग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इस पर जन सुराज ने आयोग से आग्रह किया कि पार्टी की मांगों को केंद्र के निर्वाचन आयोग के समक्ष भेजा जाए और वहां इस विषय को रखा जाए। पार्टी का कहना है कि एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रक्रिया में जरूरी सुधार किया जाना चाहिए। फाइनल सूची में गड़बड़ी नहीं रहने का आश्वासन: कुमार सौरभ जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा कि जो मतदाता सूची जारी हुई थी, उसमें सुधार किया जाना चाहिए था। पार्टी ने सूची में गड़बड़ी होने के प्रमाण भी निर्वाचन आयोग के सामने रखे हैं। हालांकि, आयोग की ओर से बताया गया कि मतदाता सूची में सुधार एक सतत प्रक्रिया है। कुमार सौरभ ने कहा कि चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। आयोग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि फाइनल सूची तैयार करते समय इन त्रुटियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा और अंतिम सूची में इस तरह की अशुद्धियां नहीं रहने दी जाएंगी। शिष्टमंडल में ये नेता रहे मौजूद CEO बिहार से मुलाकात करने वाले जन सुराज के शिष्टमंडल में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ और पूर्व आईपीएस जितेन्द्र मिश्रा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। पार्टी ने कहा कि एमएलसी चुनाव की मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता जरूरी है, क्योंकि इसी सूची के आधार पर शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होना है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles