![]()
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में एक कपड़े के व्यापारी के साथ साइबर ठगी हुई है। ठगों ने उसके खाते से करीब 70 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित आकाश कुमार ने तिलैया थाने में शिकायत दर्ज कराई है और मदद मांगी है। आकाश ने बताया कि शुक्रवार दोपहर उसके परिचित दुकानदार आनंद कुमार ने उसे वॉट्सऐप पर RTO से जुड़ा एक ऐप भेजा। इसके साथ एक मैसेज भी था, जिसमें लिखा था कि ‘एक बार चेक करो, कहीं तुम्हारा भी चालान तो नहीं कटा है।’ आकाश ने वह ऐप अपने मोबाइल में इंस्टॉल कर लिया। जब उसे यह ऐप संदिग्ध लगा, तो उसने उसे तुरंत अनइंस्टॉल कर दिया और अपने काम में लग गया। शाम को जब आकाश किसी व्यापारी को भीम यूपीआई से पैसे भेजने लगा, तो उसका पेमेंट बार-बार फेल हो रहा था। उसने अपना अकाउंट बैलेंस चेक किया तो पता चला कि खाते में सिर्फ 10 रुपए बचे हैं। जबकि उसके खाते में 67 हजार 700 रुपए जमा थे। उसने अपने खाते का स्टेटमेंट चेक किया तो पता चला कि तीन अनजान ट्रांजेक्शन हुए थे। इनमें 50 हजार, 16 हजार और 1700 रुपए शामिल थे। आकाश ने जब अपने दोस्त आनंद कुमार से ऐप के बारे में पूछा, तो आनंद ने बताया कि उसका मोबाइल हैक हो गया था। हैक होने के बाद उसके फोन से अपने आप मैसेज जाने लगे थे। शनिवार शाम को आकाश अपने पिता राजकुमार शशि के साथ तिलैया थाने पहुंचा और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ऐप इंस्टॉल करते ही खाते से 70 हजार रुपए गायब:कोडरमा में दोस्त के हैक मोबाइल से आया था RTO ऐप, पुलिस में शिकायत
