Monday, September 14, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

मॉड्यूलर ओटी के ऑफलाइन टेंडर पर EE से जवाब-तलब:मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में 2.11 करोड़ से बनना है 3 ओटी, निविदा में अनियमितता का आरोप


मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (सदर), पलामू में तीन मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के निर्माण के लिए निकाली गई निविदा को लेकर भवन निर्माण विभाग ने डालटनगंज भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता महेंद्र राम से स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग के विशेष सचिव विधान चंद्र चौधरी की ओर से जारी पत्र में सोशल मीडिया और यू-ट्यूब चैनलों पर प्रसारित खबरों का हवाला देते हुए कहा गया है कि तीन मॉड्यूलर ओटी के निर्माण के लिए ऑफलाइन टेंडर निकाले जाने और निविदा में अनियमितता बरतने का आरोप सामने आया है। योजना के तहत प्रत्येक मॉड्यूलर ओटी की अनुमानित लागत 70 लाख 41 हजार 250 रुपए और तीनों की कुल राशि 2 करोड़ 11 लाख 23 हजार 750 रुपए बताई गई है। 50 लाख से अधिक की निविदा ई-प्रोक्योरमेंट से निकालने का नियम विभाग ने पत्र में कहा है कि भवन निर्माण विभाग के कार्यालय आदेश संख्या के अनुसार 50 लाख रुपए से अधिक राशि की सभी निविदाएं ई-प्रोक्योरमेंट प्रणाली के तहत निष्पादित की जानी हैं। पत्र के मुताबिक, मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज की यह योजना भवन निर्माण विभाग से स्वीकृत या संबंधित नहीं है। जिला स्तर पर महेंद्र राम को इस योजना के क्रियान्वयन के लिए कार्य एजेंसी बनाया गया है। हालांकि, उनकी सेवा भवन निर्माण विभाग के अधीन है। वे विभाग द्वारा कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल, डालटनगंज के पद पर पदस्थापित हैं। ऐसे में विभाग ने कहा कि जिला स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन में भी विभागीय नियम लागू होंगे। विभाग ने कहा- कर्तव्य के प्रति लापरवाही विशेष सचिव ने पत्र में आरोप लगाया है कि विभागीय आदेश की अनदेखी करते हुए योजना कीनिविदा आमंत्रित की गई। इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही और स्वेच्छाचारिता का द्योतक बताते हुए कहा गया है कि इससे विभाग की छवि धूमिल हुई है। कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया है कि पत्र प्राप्ति के 48 घंटे के अंदर अपना स्पष्टीकरण विभाग को समर्पित करें। साथ ही पूछा गया है कि उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनिक कार्रवाई क्यों नहीं की जाए। पत्र की प्रतिलिपि अभियंता प्रमुख और मुख्य अभियंता, भवन निर्माण विभाग, झारखंड को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles