![]()
मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में एक कपड़ा दुकान पर छापेमारी करने गई पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस को देखकर लोगों को जुटाने का आरोप पुलिस के मुताबिक, यह घटना 9 सितंबर की सुबह करीब 8:20 बजे हुई। राजनगर थाना कांड संख्या 437/26 की जांच के लिए पुलिस टीम भगवानपुर स्थित एक कपड़ा दुकान पर मो. शकील और मो. रमीज के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस का आरोप है कि जब मो. शकील को थाने चलने के लिए कहा गया, तो उसने अपने भाई मो. मैनउद्दीन, मो. अज़हरउद्दीन, मो. नसीर और मो. हेदयातुल्लाह उर्फ मुख्तर को मौके पर बुला लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस के खिलाफ शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और गिरफ्तारी में रुकावट डाली। सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश का भी आरोप पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद सभी आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और मारपीट करने लगे। इस दौरान एक पुलिस अधिकारी की सरकारी पिस्टल छीनने की कोशिश का भी आरोप है। हालात को देखते हुए पुलिस टीम किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए थाने लौट गई और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना का वीडियो मोबाइल से बनाए जाने की बात भी सामने आई है। छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज इस मामले में सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मो. शकील और मो. रमीज के खिलाफ राजनगर थाने में पहले से कई मामले दर्ज हैं, जिनमें कांड संख्या 54/06, 184/16, 140/23, 484/25 और 437/26 शामिल हैं।
कपड़ा दुकान पर छापेमारी करने गई पुलिस से धक्का-मुक्की:मधुबनी में पिस्टल छीनने की कोशिश; 6 पर FIR, लोगों को जुटाकर गिरफ्तारी रोकने का आरोप
