![]()
खगड़िया में अभियंता दिवस पर बिहार किसान मंच ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-2 के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार को सम्मानित किया। किसानों के हित में किए गए कामों के लिए उन्हें सम्मान दिया गया। जिले के अलग-अलग इलाकों से आए सैकड़ों किसानों ने उन्हें अंगवस्त्र और हल भेंट किया। बिहार किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह टुडू ने कहा कि समाज, प्रदेश और देश के विकास में अभियंताओं का योगदान जरूरी है। आधुनिक समय में विकास की बुनियादी संरचनाएं बनाने और उन्हें मजबूत करने में अभियंताओं की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान करने वाले अभियंताओं का सम्मान करना अच्छा कदम है। मंच के जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण वर्मा ने कहा कि कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार ने किसानों के लिए कई काम किए हैं। उनके प्रयासों से करीब 9 साल से रुका हुआ भूमि अधिग्रहण का लगभग 10 करोड़ रुपए किसानों को दिलाने का काम शुरू हुआ है। उन्होंने इसे किसानों के लिए बड़ी सफलता बताया। पैकांत में सूलीस का रास्ता साफ, दो और के लिए भेजी गई DPR बिहार किसान मंच के उपाध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने बताया कि पैकांत क्षेत्र में वन विभाग से जुड़ी रुकावटें हटाकर सूलीस बनाने का रास्ता साफ किया गया है। इससे सतीश नगर और पसराहा चौर में पानी भरने की समस्या से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। किसान नेता मुनि लाल सिंह ने बताया कि दो और सूलीस बनाने के लिए विभाग को डीपीआर भेजी गई है। इससे पानी की निकासी बेहतर होगी और किसानों को फायदा मिलेगा। ईटबा सूलीस से गाद हटाने के लिए लागत तैयार हो रही किसान पंकज यादव ने ईटबा सूलीस में जमा गाद की समस्या उठाई और इसे हटाने की मांग की। इस पर कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार ने कहा कि सूरज नगर के पास दो सूलीस बनाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं, ईटबा सूलीस से गाद हटाने के लिए अनुमानित लागत तैयार की जा रही है। विभाग से मंजूरी मिलने के बाद गाद हटाने का काम कराया जाएगा। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-1 के EE ने किसान नेता की तारीफ की समारोह में बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-1 के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार साहनी ने किसान नेता धीरेन्द्र सिंह टुडू की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि टुडू अपनी बात बेबाकी से रखते हैं और सही बात कहने से पीछे नहीं हटते। ऐसे लोगों की समाज को जरूरत है। इस दौरान वीरेंद्र यादव, मो. सदुल्लाह, मुनि लाल यादव, मुनि लाल सिंह, सिकंदर यादव, महंत जी सहित बड़ी संख्या में किसान और किसान मंच के सदस्य मौजूद रहे। किसानों ने कहा कि अभियंता दिवस पर किसान हित में काम करने वाले अभियंता को सम्मानित करना उनके लिए गौरव की बात है।
खगड़िया में किसानों ने इंजीनियर को हल देकर सम्मानित किया:9 साल से अटका ₹10 करोड़ मुआवजा दिलाने में मदद; 2 नए सूलीस बनाने की तैयारी
