Suvendu Adhikari Haldia Rally: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया है कि नंदीग्राम उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार हसीरानी रथ रिकॉर्ड वोट से जीतेंगी. हल्दिया में उन्होंने हसीरानी रथ के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया. इस अवसर पर नंदीग्राम और रेजीनगर के मतदाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने पूछा- 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में राज्य की भाजपा सरकार का समर्थन करेंगे या नहीं.
हसीरानी रथ के नामांकन में शामिल हुए शुभेंदु
इससे पहले बंगाल के चीफ मिनिस्टर ने हसीरानी रथ का नामांकन पत्र दाखिल कराने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ यहां उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पहुंचे. शुभेंदु ने कहा कि चुनाव कैसे कराया जाता है, वह अच्छी तरह जानते हैं. उन्होंने वहां जुटे लोगों को भरोसा दिलाया कि नंदीग्राम में भाजपा ‘इतने बड़े अंतर से जीतेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी’.
नंदीग्राम के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज झूठे आपराधिक मामलों को वापस लेना मेरी जिम्मेदारी है. अत्याचार झेलने वाले सभी कार्यकर्ताओं को काम, आश्रय और भोजन उपलब्ध कराना मेरा वादा है. -शुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल

शुभेंदु ने खाली की थी नंदीग्राम सीट
शुभेंदु अधिकारी ने वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट पर जीत हासिल की थी. बाद में उन्होंने भवानीपुर के विधायक के रूप में शपथ ली और नंदीग्राम सीट छोड़ दी. इसी वजह से नंदीग्राम में उपचुनाव हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल उपचुनाव : नंदीग्राम से चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी और रेजीनगर से सखाराव सरकार भाजपा उम्मीदवार
सीबीआई कर रही चंद्रनाथ मर्डर केस की जांच
चंद्रनाथ, शुभेंदु के निजी सहायक के तौर पर काम कर चुके थे. 6 मई को मध्यमग्राम में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी थी. बाद में चंद्रनाथ की मौत हो गयी. इस मामले की सीबीआई जांच चल रही है.
चंद्र (चंद्रनाथ रथ) की बेरहमी से हत्या कर दी गयी. उसका सबसे बड़ा अपराध यही था कि उसने उस समय के विपक्ष के नेता की मदद की थी. -शुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
नंदीग्राम के लोगों को सीएम का आश्वासन
बंगाल के मुख्यमंत्री ने नंदीग्राम के लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा- निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से मैंने जो भी वादे किये हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है. शुभेंदु ने वर्ष 2021 के चुनाव में नंदीग्राम विधानसभा सीट पर तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 1,956 मतों के अंतर से हराया था. 5 साल बाद वर्ष 2026 में शुभेंदु ने फिर से नंदीग्राम सीट पर जीत दर्ज की.
ये भी पढ़ें: बंगाल उपचुनाव 2026: तृणमूल कांग्रेस ने रेजीनगर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा की, किसे मिला टिकट?
6 अक्टूबर को अल्पसंख्यक वोटरों की अग्निपरीक्षा : मुख्यमंत्री
अल्पसंख्यक मतदाताओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा- 6 अक्टूबर को आपकी परीक्षा होगी कि आप सरकार और मुख्यमंत्री के साथ रहना चाहते हैं और मिलकर काम करना चाहते हैं या नहीं. इस परीक्षा में सफल होना है या असफल, यह फैसला मैं आप पर छोड़ता हूं. पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद की रेजिनगर सीट पर अल्पसंख्यक मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है.
‘अगले 56 महीने बंगाल के विकास के लिए काम करेगी सरकार’
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 9 मई को सत्ता संभालने के बाद राज्य की भाजपा सरकार विकास से जुड़ी कई पहल कर रही है. वह अगले 56 माह तक पश्चिम बंगाल के लोगों के कल्याण व राज्य की प्रगति के लिए काम करेगी.
ये भी पढ़ें: कौन हैं संचिता प्रधान दे? ममता बनर्जी ने शुभेंदु अधिकारी के गढ़ नंदीग्राम से बनाया टीएमसी का उम्मीदवार
The post हल्दिया में बोले शुभेंदु अधिकारी- नंदीग्राम उपचुनाव में रिकॉर्ड अंतर से जीतेगी भाजपा appeared first on Prabhat Khabar.
