![]()
मुजफ्फरपुर में बुधवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर बाद आसमान में घने काले बादल छा गए। इसके बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। शहरी क्षेत्र के साथ जिले के ग्रामीण इलाकों में भी झमाझम बारिश हुई। पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस से लोग परेशान थे। दोपहर बाद हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से तत्काल राहत मिली। बारिश शुरू होने के बाद मौसम सुहाना हो गया। 25 जिलों में भारी बारिश-वज्रपात का अलर्ट पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून की सक्रियता के कारण उत्तर बिहार के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति बन रही है। मुजफ्फरपुर समेत बिहार के करीब 25 जिलों के लिए भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से चार दिनों के दौरान कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना जताई गई है। बारिश से खेती को फायदा, निचले इलाकों में सावधानी जरूरी लगातार गर्मी और उमस के बाद हुई बारिश खेती के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और किसानों को राहत मिल सकती है। हालांकि, जिन इलाकों में पहले से जलजमाव की स्थिति है, वहां परेशानी बढ़ सकती है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज बारिश के दौरान जलनिकासी की समस्या होने पर सड़कों और गलियों में पानी जमा हो सकता है। वज्रपात के दौरान पेड़ और बिजली के खंभों से रहें दूर खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। खासकर बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले खेतों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है। वज्रपात की आशंका होने पर लोगों को खुले स्थान से निकलकर पक्के मकान या सुरक्षित जगह पर रहने को कहा गया है। किसानों और राहगीरों को भी मौसम खराब होने पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
मुजफ्फरपुर में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू:उमस से राहत मिली, अगले 2-4 दिन भारी बारिश और वज्रपात की संभावना
