![]()
हजारीबाग जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बंद घर से सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जाफर अंसारी, पिता मोकीम अंसारी के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि सखिया निवासी जिन्नत प्रवीण, पति गयास सरवर ने 15 सितंबर को अपने बंद घर में चोरी होने की शिकायत मुफस्सिल थाने में दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर मुफस्सिल थाना में 16 सितंबर 2026 को कांड संख्या 157/26, धारा 331(3)/305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ रूपक कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी जाफर अंसारी के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर टीम ने उसके बताए ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान झाड़ी में छिपाकर रखे गए करीब 29 ग्राम सोने के आभूषण और 450 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। बरामद आभूषणों को पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि चोरी की घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे और चोरी का कितना सामान बरामद किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना में फिरोज अंसारी उर्फ सोनू भी शामिल था। पुलिस ने बताया कि फिरोज अंसारी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है। यह जानकारी सीडीपीओ सदर रूपक कुमार सिंह ने दी।
हजारीबाग में बंद घर से चोरी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 29 ग्राम सोना और 450 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए, दूसरे की तलाश जारी
