![]()
सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में एनएच-27 पर सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसा पुराने सिनेमा हॉल-श्री राधे होटल के पास हुआ। मृतक की पहचान रामविशनपुर पंचायत के चकला वार्ड-3 निवासी करीब 55 वर्षीय मनोज दास के रूप में हुई है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्लाई मिल में मजदूरी करते थे मनोज मनोज दास राघोपुर स्थित एक प्लाई मिल में मजदूरी करते थे। जानकारी के अनुसार, शनिवार को वह सिमराही बाजार से साइकिल पर सब्जी लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-27 पर पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सड़क पर गिरकर हुए गंभीर घायल बाइक की टक्कर लगते ही मनोज सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार बिना रुके मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। 112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया सूचना मिलते ही 112 वैन की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनोज को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। सिर में गंभीर चोट, मधेपुरा रेफर परिजन मनोज को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने उनके सिर में गंभीर चोट की बात बताते हुए बेहतर इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मधेपुरा ले जा रहे थे, तभी श्याम नगर के पास उनकी मौत हो गई। पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए मनोज मनोज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी रंजन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, मनोज के पीछे पत्नी और दो बेटियां मधु देवी व दुर्गा देवी हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। मजदूरी से चलता था परिवार मनोज मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है। अज्ञात बाइक सवार की तलाश में पुलिस थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। टक्कर मारने वाले अज्ञात बाइक सवार की पहचान और तलाश के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
एनएच-27 पर बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत:सुपौल में सब्जी खरीदकर साइकिल से घर लौट रहे थे, इलाज के दौरान दम तोड़ा
