![]()
साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह दुर्गा पूजा मैदान के पास रविवार रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा और मारपीट हो गई। रात करीब साढ़े नौ बजे काशीडीह रोड नंबर-13 स्थित स्कूल के पास शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस दौरान चापड़ चलने से तीन लोग घायल हो गए। घायलों में काशीडीह बगान एरिया निवासी जय कुमार यादव, सोनू यादव और कुंभ यादव शामिल हैं। जय कुमार के चेहरे पर चापड़ से चोट लगी है। उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सोनू यादव और कुंभ यादव को टीएमएच रेफर किया गया है। जुलूस के रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, काशीडीह से गणेश प्रतिमा का विसर्जन जुलूस गुजर रहा था। इसी दौरान शुभम नामक युवक ने जुलूस के आगे जाने के लिए रास्ता मांगा। इसी बात को लेकर जुलूस में शामिल कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि शुभम के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसने बस्ती के युवकों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में कई युवक मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट शुरू हो गई। डीजे संचालक के अनुसार, विसर्जन के दौरान गाना बजाने को लेकर भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिससे विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि सौरभ पंचकुंडीय, रोहित और रिंकू मोहंती समेत कुछ लोगों ने चापड़ से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान बांस और डंडों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। चापड़ चलने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। लोगों ने डीजे बंद कराया और पुलिस को सूचना दी। साकची-सीतारामडेरा पुलिस पहुंची, डीजे वाहन जब्त हंगामे की सूचना मिलते ही साकची और सीतारामडेरा थाने की पुलिस अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों पक्षों के लोग वहां से जा चुके थे। पुलिस ने काशीडीह हाईस्कूल के पास से विसर्जन में इस्तेमाल किए जा रहे डीजे वाहन को जब्त कर लिया। यह वाहन गम्हरिया के ईटागढ़ से विसर्जन के लिए लाया गया था। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। घटनास्थल पर क्यूआरटी तैनात की गई है। शहर में बढ़ा चापड़ से हमले की घटना जमशेदपुर में हाल के महीनों में चापड़ से हमले और छिनतई की कई घटनाएं सामने आई हैं। जुलाई से सितंबर के बीच कदमा, बर्मामाइंस और सिदगोड़ा थाना क्षेत्रों में अपराधियों ने चापड़ का इस्तेमाल कर लोगों पर हमला किया और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। 10 सितंबर को कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 के पास अपराधियों ने कैफ खान नामक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया था। इससे पहले 30 अगस्त को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती के पास राज नामक युवक पर अपराधियों ने चापड़ से हमला किया। जुलाई में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के टाउन हॉल के पास बाइक सवार अपराधियों ने डेली कलेक्शन का काम करने वाले बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी पर चापड़ से वार किया था और उनसे 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच बाजार में चापड़ की आसान उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
जमशेदपुर में विसर्जन जुलूस के दौरान हंगामा; मारपीट:रास्ते को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प, 3 युवक गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने संभाला
