![]()
अररिया में तीन महीने से मानदेय नहीं मिलने और फील्ड वर्क के दौरान बायोमेट्रिक उपस्थिति की अनिवार्यता के विरोध में सोमवार को जिले की एएनएम ने कलेक्ट्रेट परिसर का घेराव किया। हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर पहुंचीं स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रदर्शन के बाद एएनएम के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। तीन महीने से मानदेय लंबित, आर्थिक संकट प्रदर्शनकारी एएनएम ने कहा कि उन्हें पिछले तीन महीने से मानदेय नहीं मिला है। इससे परिवार चलाने में आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि मानदेय लंबित होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया गया है। एनसीडी स्क्रीनिंग से टीकाकरण तक काम एएनएम के अनुसार वे लगातार एनसीडी स्क्रीनिंग, ओपीडी, नियमित टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में काम कर रही हैं। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बनाए रखने के लिए वे लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। फील्ड वर्क के बीच बायोमेट्रिक उपस्थिति परेशानी एएनएम ने फील्ड आधारित काम करने वाले कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति की अनिवार्यता पर सवाल उठाया। उनका कहना था कि उनका काम अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र तक सीमित नहीं है। उन्हें दूरदराज के गांवों, टोलों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक जाकर स्वास्थ्य सेवाएं देनी पड़ती हैं। पहले केंद्र पर हाजिरी, फिर गांव पहुंचना मुश्किल कर्मियों ने बताया कि कई बार उन्हें सुबह सात बजे ही घर से निकलना पड़ता है। ऐसे में पहले मुख्य स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करना और फिर दूर के इलाकों में जाना मुश्किल होता है। सार्वजनिक परिवहन की सीमित सुविधा के कारण फील्ड तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। स्वास्थ्य जांच प्रभावित होने की आशंका एएनएम का कहना था कि बायोमेट्रिक उपस्थिति के लिए पहले केंद्र पहुंचने की बाध्यता से फील्ड में जाने का समय कम हो जाता है। इससे समय पर टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और अन्य जरूरी कार्यक्रमों को पूरा करने में परेशानी हो सकती है। डीएम को सौंपा ज्ञापन एएनएम चुनमुन कुमारी, चुमकी कुमारी, मोनिका कुमारी, पूजा कुमारी, आभा देवी, मंजू कुमारी, अर्चना कुमारी और सुमन कुमारी समेत अन्य कर्मियों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने तीन महीने के बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान और फील्ड कर्मियों को बायोमेट्रिक उपस्थिति में छूट देने की मांग की। डीएम ने जल्द भुगतान का दिया भरोसा ज्ञापन लेने के बाद डीएम ने एएनएम प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की। उन्होंने मानदेय भुगतान में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर कर जल्द भुगतान कराने का भरोसा दिया। वहीं, बायोमेट्रिक उपस्थिति से फील्ड कर्मियों को हो रही परेशानी की जानकारी राज्य मुख्यालय और स्वास्थ्य विभाग को भेजने की बात कही।
अररिया की ANM ने घेरा कलेक्ट्रेट,3 महीने से मानदेय नहीं:बायोमेट्रिक व्यवस्था में बदलाव की मांग, डीएम को ज्ञापन
