![]()
भास्कर न्यूज| नोवामुंडी नोवामुंडी साप्ताहिक हाट परिसर के बाजार शेड पर अवैध कब्जा जारी है। कृषि बाजार साख समिति ने वर्षों पहले स्थानीय आदिवासियों के लिए 40 शेड बनवाए थे। यहां साग-सब्जी, दातुन, पत्ते, वनोत्पाद बेचने वालों को शेड के नीचे बैठकर बिक्री करनी थी। अब दुकानदारों ने शेड में स्थायी दुकान खोलकर कब्जा कर लिया है। विभाग ने शुरुआती दौर में 8 दुकानों का आवंटन किया था। बाकी 32 शेड पर दबंगों का कब्जा है। इनसे भाड़ा वसूला जा रहा है। नतीजा यह है कि बाहरी लोग शेड के नीचे बैठकर बेच रहे हैं। गरीब आदिवासी नाली के पास, कचरा जमा करने के लिए बने कूड़ेदान के पास, या खुले आसमान के नीचे साग-सब्जी बेचकर लौट रहे हैं। दूर-दराज ग्रामीण इलाकों से आने वाले आदिवासी विक्रेताओं को भी खुले में ही सब्जी, दातुन बेचनी पड़ रही है। बाजार शेड के दुकानदारों ने बताया कि महेश प्रसाद ने 7 दुकानों पर अवैध कब्जा कर उन्हें भाड़े पर दे रखा है। प्रमोद साहा ने 3 दुकानों पर कब्जा कर भाड़े पर दे रखा है। सुरेश साहा ने 3 दुकानों पर कब्जा किया है। इनमें 1 दुकान खुली है। 2 दुकानों को गोदाम बना दिया गया है। महेश प्रसाद ने बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण कर कालिया होटल संचालक को जगह देकर महीने के 6 हजार रुपए वसूल रहा है। बोदो पोद्दार ने 5 दुकानों पर कब्जा कर रखा है। इनमें 1 दुकान खुली है। 3 दुकानें बंद हैं। इस मामले को लेकर मुंडा-मानकियों ने 6 महीने पहले बाजार परिसर में कब्जा कर दुकानों को भाड़े पर देने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध शुरू किया था। बाद में आवाज बंद हो गई। उन्होंने प. सिंहभूम उपायुक्त को शिकायत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग भी की है। वहीं स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था देखने वाले सीओ, बीडीओ इस मामले में मौन साधे हुए हैं। जैसे उन्हें कोई जानकारी नहीं है। ^ इससे पहले भी ग्रामीण मानकी -मुंडा द्वारा शिकायत आवेदन देने के बाद इस समस्या को सॉर्ट आउट किया गया था। पुनः मानकी – मुंडा द्वारा शिकायत आवेदन आने के बाद उसे संज्ञान में लिया जाएगा। पप्पू रजक, बीडीओ,नोवामुंडी प्रखंड
आदिवासियों के लिए बने 40 शेड में 32 पर कब्जा, 8 दुकानों का आवंटन
