![]()
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शंभूगंज ग्राम पंचायत कसबा में मंगलवार की शाम करमा-धरमा पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब दीघा तालाब में स्नान करने के दौरान डूबने से तीन छात्राओं की मौत हो गई। मृतकों में हीरा तांती की पुत्री पुष्पा कुमारी, संजीव उर्फ कट्कुन तांती की पुत्री मौसम कुमारी और मन्नू तांती की पुत्री सीमा कुमारी शामिल हैं। तीनों छात्राएं गांव के मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा में पढ़ती थीं। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को करमा-धरमा एकादशी पर्व को लेकर तांती बस्ती में उत्साह का माहौल था। बचाने में 2 छात्राओं की गई जान मंगलवार की संध्या गांव में पर्व की परंपरा के अनुसार बस्ती से करीब 200 मीटर उत्तर स्थित दीघा तालाब में करीब एक दर्जन सहेलियां स्नान करने पहुंचीं। स्नान के दौरान मौसम कुमारी अचानक तालाब में बनी गहरी खाई में चली गई और डूबने लगी। उसे डूबता देख पुष्पा कुमारी और सीमा कुमारी बचाने के लिए पानी में आगे बढ़ीं। इस दौरान दोनों भी गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। तीनों छात्राओं को डूबता देख साथ गई अन्य छात्राओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। मौसम कुमारी इकलौती बेटी थी काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीनों छात्राओं को एक-एक कर पानी से बाहर निकाला। हालांकि तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। बताया गया कि मौसम कुमारी अपने माता-पिता की इकलौती पुत्री थी। वहीं पुष्पा चार बहनों में दूसरे नंबर पर थी। सीमा चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी। तीनों छात्राओं की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बस्ती में पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल था, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया जारी घटना पर पंचायत के मुखिया कलानंद सिंह, सरपंच मंजू देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शोक व्यक्त किया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन मामले में जांच कर रही है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। वहीं अंचल राजस्व अधिकारी अभय कुमार ने बताया कि नियमानुसार पीड़ित परिजनों को आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
बांका में तालाब में डूबने से 3 छात्राओं की मौत:नहाने के लिए गई थी, गहरी खाई में जाने से गई जान

