Wednesday, September 23, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

औरंगाबाद में आज से सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान:रमेश चौक से नगर थाना तक होगी कार्रवाई, फुटपाथ और सड़क किनारे से हटेंगे ठेला-खोमचा; दोबारा अतिक्रमण पर कार्रवाई


औरंगाबाद में बढ़ती जाम की समस्या और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रणनीति तैयार की है। जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर मंगलवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग तथा यातायात बाधित होने की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि आज यानी बुधवार को सुबह 9 बजे से शहर में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। रमेश चौक से ब्लॉक मोड़ तक चलेगा अभियान प्रशासन के अनुसार बुधवार सुबह 9 बजे से रमेश चौक, नगर थाना मोड़, पुरानी जीटी रोड, महाराणा प्रताप चौक और ब्लॉक मोड़ तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा। ठेला-खोमचा, दुकान का सड़क पर रखा सामान और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली अन्य सामग्री को हटाने की कार्रवाई होगी। अभियान का नेतृत्व अंचल अधिकारी औरंगाबाद तथा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे। कार्रवाई के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहेगी, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर थानाध्यक्ष और यातायात थानाध्यक्ष समेत संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर के औचक निरीक्षण के दौरान रमेश चौक से नगर थाना तक पुरानी जीटी रोड पर फुटपाथ और सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति सामने आई थी। इसके बाद विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वेंडिंग जोन और नो-पार्किंग जोन होंगे तय प्रशासन ने केवल अतिक्रमण हटाने के बजाय शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की योजना भी बनाई है। नगर परिषद द्वारा आवश्यक स्थानों पर फुटपाथ पर सफेद पट्टी लगाकर वेंडिंग जोन निर्धारित किया जाएगा। इससे फुटपाथी दुकानदारों और ठेला-खोमचा संचालकों के लिए निर्धारित स्थान तय हो सकेगा। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों और जरूरी स्थानों पर नो-पार्किंग जोन के संकेतक लगाए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किए जाने की समस्या को नियंत्रित करना है। रमेश चौक, बाईपास ओवरब्रिज और नावाडीह मोड़ समेत प्रमुख स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की नियमित तैनाती की जाएगी। भारी वाहनों के प्रवेश को भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा, ताकि शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम किया जा सके। दोबारा अतिक्रमण हुआ तो होगी कार्रवाई अतिक्रमण हटाने के बाद स्थिति दोबारा न बिगड़े, इसके लिए प्रशासन ने नियमित निगरानी की व्यवस्था भी की है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और नगर थानाध्यक्ष प्रतिदिन शाम को संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण की स्थिति की तस्वीरों के साथ अनुश्रवण रिपोर्ट सदर अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। एसडीओ गौरव सिंह ने फुटपाथी विक्रेताओं और स्थानीय दुकानदारों से अपील की है कि वे जनहित में अभियान शुरू होने से पहले स्वयं फुटपाथ और मुख्य मार्ग से अपना सामान, ठेला तथा अन्य सामग्री हटा लें। प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से भी लोगों को लगातार जानकारी दी जा रही है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अभियान के दौरान यदि अतिक्रमण पाया जाता है तो सामान जब्त करने के साथ विधि-सम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और निर्धारित वेंडिंग व पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। बताते चलें कि शहर में रमेश चौक से धर्मशाला मोड तक सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। मस्जिद होते हुए धर्मशाला की ओर जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने का करवाई किया जाना उपाय किया गया है। हालांकि पूर्व में भी जिला प्रशासन द्वारा कई बार अतिक्रमण हटाया गया है। लेकिन प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाए जाने के कुछ देर बाद ही अतिक्रमणकारी सड़क पर दुकान सजा लेते हैं।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles