![]()
औरंगाबाद में शनिवार देर रात एक घर में आग लग गई। आग की चपेट में आने से फूफा और उनकी 2 भतीजी गंभीर रूप से झुलस गईं। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में एडमिट कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मो. समीम(50) और आफरीन परवीन(18) की मौत हो गई। जबकि चांदनी परवीन(16) की हालत गंभीर बनी है। घर में आग लगाने का आरोप समीम के बेटे पर है। घटना कासमा थाना क्षेत्र के मियां बिगहा गांव की है। भतीजी को घर में रखने को लेकर चल रहा था विवाद ग्रामीण शदाब आलम ने पारिवारिक कलह के कारण मो. सलीम के बड़े बेटे इश्तेखार पर घर में आग लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि सलीम अपने साले की दोनों बेटियां आफरीन और चांदनी को पिछले करीब पांच-छह वर्षों से अपने घर में रख रहे थे। जिसको लेकर पिता और बड़े बेटे के बीच विवाद चल रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी आग लगाने की वजह और आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा जानकारी मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सदर एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद, कासमा थानाध्यक्ष रुपेश कुमार, एसआई अवधेश कुमार, एसआई नवीन कुमार, एएसआई शेख शेरे अली समेत अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस छानबीन कर रही है सदर एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार ने बताया कि दो लोगों की मौत हुई है। मृतक मो. सलीम अपने साले की दो बेटियों को अपने घर पर रखे हुए थे। इसी बात को लेकर परिवार में कलह होने की जानकारी मिली है। घर में आग कैसे लगी और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल से आवश्यक जानकारी जुटाई है। आग लगने के कारणों, पारिवारिक विवाद और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी है।
औरंगाबाद में देर रात घर में लगी आग:फूफा-भतीजी की मौत, किशोरी की हालत गंभीर; बेटे से चल रहा था विवाद
