![]()
बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है। हाईवे पर जाम, वाहन खराब होने, सड़क दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में लोगों को जल्द मदद उपलब्ध कराने के लिए 58 राजमार्ग गश्ती वाहनों की तैनाती की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दोपहर में संवाद भवन से इन गश्ती वाहनों का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद ये वाहन राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियमित रूप से गश्त करते हुए यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर नजर रखेंगे। हाईवे पर लगातार होती रहेगी गश्त इन गश्ती वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्गों के अलग-अलग हिस्सों में तैनात किया जाएगा। वाहनों की लगातार पेट्रोलिंग के जरिए हाईवे पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। किसी स्थान पर जाम लगने, वाहन खराब होने या दुर्घटना की सूचना मिलने पर गश्ती वाहन मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई में मदद करेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह है कि हाईवे पर किसी तरह की बाधा लंबे समय तक न बनी रहे और यातायात को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। खासकर दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में शुरुआती स्तर पर राहत और सहायता पहुंचाने में इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जाम और वाहन खराब होने पर मिलेगी तत्काल मदद राष्ट्रीय राजमार्गों पर अक्सर वाहनों के खराब होने या दुर्घटनाओं के कारण यातायात प्रभावित होता है। कई बार सड़क पर खराब वाहन खड़े रहने से लंबा जाम लग जाता है। ऐसी स्थिति में गश्ती वाहन मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात को व्यवस्थित कराने में मदद करेंगे। गश्ती दल सड़क पर बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों और अन्य कारणों पर भी कार्रवाई करेगा, जिससे हाईवे पर यातायात ज्यादा देर तक बाधित नहीं रहे। चालान काटने की भी होगी व्यवस्था इन राजमार्ग गश्ती वाहनों में हाईवे की निगरानी के साथ यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की सुविधा भी होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा सकेगी। इससे हाईवे पर यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हाईवे पर सुरक्षा से जुड़ी कई सुविधाएं गश्ती वाहनों को सिर्फ पेट्रोलिंग के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा, बल्कि इनमें हाईवे की सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए कई जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इन सुविधाओं की मदद से गश्ती दल दुर्घटना, वाहन खराब होने, यातायात बाधित होने और अन्य समस्याओं की स्थिति में मौके पर पहुंचकर शुरुआती कार्रवाई कर सकेगा। निगरानी व्यवस्था होगी और मजबूत 58 गश्ती वाहनों की तैनाती के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों पर निगरानी का दायरा बढ़ेगा। सरकार का लक्ष्य हाईवे पर यातायात को निर्बाध बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में फौरन प्रतिक्रिया की व्यवस्था को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के लोकार्पण के बाद इन वाहनों के नियमित संचालन से बिहार के राष्ट्रीय राजमार्गों पर पेट्रोलिंग और ट्रैफिक मॉनिटरिंग की व्यवस्था को नया विस्तार मिलेगा।
बिहार के हाईवे पर अब 58 गश्ती वाहनों की तैनाती:जाम-वाहन खराब होने से लेकर सड़क हादसों तक में मिलेगी तत्काल मदद, सीएम सम्राट चौधरी करेंगे लोकार्पण
