![]()
मुजफ्फरपुर में गोविंद शर्मा हत्याकांड की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने तीन लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बड़े अधिकारियों और विशेष टीम की मौजूदगी में पूछताछ होगी, जिसकी ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग भी होगी। पुलिस की विशेष टीम ने करीब 100 सवालों की लिस्ट तैयार की है। पहले तीनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ होगी। बयानों में विरोधाभास होने पर आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की जाएगी। मामले में नए नाम सामने आने पर उन्हें भी नोटिस भेजा जाएगा। प्रदुमन कुमार उर्फ मंटू शर्मा ने पेश होने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। शक्ति स्वरूप शर्मा उर्फ उद्धव पुलिस के सामने पेश होने को तैयार है। कलमबाग चौक के रेलवे कर्मी आशुतोष कुमार उर्फ फुद्दु को दूसरी बार बुलाया गया है। 31 मई की रात गोविंद की हत्या से ठीक पहले आशुतोष ही उसके साथ था। लीची बंटवारे की बात सामने आने से उसकी भूमिका संदिग्ध है। सबसे पहले गोविंद हत्याकांड की तस्वीरें देखिए
आइकॉन टावर में हुई थी हत्या बता दें, 31 मई की देर रात शहर के कल्याणी स्थित आइकॉन टावर में कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोविंद के खिलाफ हत्या और रंगदारी के करीब 10 गंभीर मामले दर्ज थे। वह मुजफ्फरपुर के पूर्व मेयर समीर कुमार और उनके ड्राइवर रोहित की अत्याधुनिक हथियारों से हुई चर्चित हत्या के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही और उनके गार्ड्स के हत्याकांड में भी नामजद आरोपी था। घटना के बाद मृतक गोविंद की पत्नी रीना उर्फ अंजली के बयान पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। हालांकि, बाद में पूरक बयान के आधार पर मामला मोड़ लेता गया और चार-पांच अन्य लोगों के नाम जोड़े गए, जिनमें गोविंद की करीबी पटना की महिला डॉक्टर जसलीन का नाम भी शामिल था। अब तक 3 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी पुलिस इस मामले में अब तक त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को जेल भेज चुकी है। जेल जाने वालों में गोविंद का प्रॉपर्टी पार्टनर और बेगूसराय का कुख्यात रंजय ओंकार, कुढ़नी का बाबुल चौधरी और पारू इलाके का शूटर सौरभ उपाध्याय प्रमुख हैं। पुलिस का कहना है कि आगामी पूछताछ से हत्या की इस पूरी साजिश का पर्दाफाश जल्द कर लिया जाएगा।
गोविंद हत्याकांड- पुलिस ने 3 लोगों को थमाया नोटिस:विशेष टीम करेगी पूछताछ, 100 सवाल तैयार; अपराधियों ने मारी थी 8 गोली
