
दुर्गा पूजा को लेकर छठ पूजा तक पश्चिम बंगाल में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इस संबंध में जिला प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है. जिलों में बैठक करके पुलिस अधिकारी अलग-अलग पूजा का आयोजन करने वालों को इसकी जानकारी दे रही है. उन्हें बताया जा रहा है कि अगर नियमों का पालन नहीं किया, तो इसके क्या परिणाम हो सकते हैं. कोलकाता के पुलिस कमिश्नर ने बताया है कि राजधानी में दुर्गा पूजा के दौरान 31,000 लोगों को सुरक्षा में तैनात किया जायेगा. इसमें 10,000 कर्मचारी और 21,000 अस्थायी होमगार्ड और एनसीसी कैडेट्स होंगे.
डीजे बजाने पर होगी कानूनी कार्रवाई : पुलिस
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने साफ कर दिया है कि दुर्गा पूजा से काली पूजा और छठ पूजा तक डीजे और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
बेलदा में पूजा समन्वय बैठक
बेलदा ऑडिटोरियम हॉल में बेलदा थाने की पहल पर पूजा समन्वय बैठक का आयोजन किया गया. इसमें पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये. बैठक में एसडीपीओ आनंद मंडल ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांतिपूर्ण माहौल और कानून-व्यवस्था बनाये रखना पुलिस की प्राथमिकता है. तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम बजाने की अनुमति किसी को नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल : दुर्गापूजा समितियों को एक लाख रुपए का अनुदान, अष्टमी को शराबबंदी, डीजे पर प्रतिबंध
साउंड सिस्टम के मालिक पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह निर्देश केवल दुर्गा पूजा तक सीमित नहीं रहेगा. काली पूजा, दीपावली, छठ पूजा और अन्य आयोजनों के दौरान भी यही नियम लागू रहेगा. अदालत के निर्देशों और पर्यावरण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर साउंड सिस्टम के मालिक के साथ-साथ संबंधित पूजा समिति के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी.
बैठक में इन विषयों पर हुई चर्चा
- पूजा पंडालों की सुरक्षा
- अग्निशमन व्यवस्था
- भीड़ नियंत्रण
- पर्याप्त रोशनी
- आपातकालीन प्रबंधन
- यातायात व्यवस्था
पूजा का आयोजन करने वालों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने पूजा का आयोजन करने वालों से नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की. बैठक में बेलदा थाने के प्रभारी अधिकारी भास्कर देवनाथ के अलावा प्रशासनिक अधिकारी, बिजली और दमकल विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें : कोलकाता पुलिस
कोलकाता पुलिस ने दुर्गा पूजा आयोजकों से सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने, भीड़ का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने और चंदा इकट्ठा करते समय लोगों को परेशान न करने के लिए कहा है. कोलकाता के पुलिस कमिश्नर अजय नंदा ने उत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को पूजा समितियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक की थी.
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय पर जोर
नंदा ने आयोजकों को पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते सुनिश्चित करने और बारिश से जुड़ी आकस्मिक स्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया. उन्होंने पूजा स्थलों के आसपास सड़कों की मरम्मत, जल निकासी से जुड़े काम और बुनियादी ढांचे से संबंधित अन्य कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया.
The post कोलकाता में दुर्गा पूजा की सुरक्षा में तैनात रहेंगे 31000 लोग, बंगाल में छठ तक डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध appeared first on Prabhat Khabar.
