
पश्चिम बंगाल में रविवार को उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के ‘जल्द दुनिया से चले जाने’ की कामना की. उन्होंने उन नेताओं का भी जिक्र किया, जिनकी या तो हत्या कर दी गयी या जिनकी दुर्घटनाओं में मौत हो गयी थी. उनकी इस टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
‘अल्पसंख्यकों को परेशान कर रही भाजपा सरकार’
मुर्शिदाबाद में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए हुमायूं कबीर ने उन नेताओं का जिक्र किया, जिनकी अप्राकृतिक मौत हुई थी. कबीर ने कहा कि वह चाहते हैं कि अधिकारी मुख्यमंत्री पद पर न रहें और पूर्व मुख्यमंत्री बन जाएं. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद भाजपा नेता ‘अहंकारी’ हो गये हैं और उनके नेतृत्व वाली सरकार में अल्पसंख्यकों को परेशान किया जा रहा है.
6 अक्टूबर को रेजीनगर में हो रहा है उपचुनाव
ये टिप्पणियां 6 अक्टूबर को होने वाले रेजीनगर उपचुनाव से पहले मुर्शिदाबाद में बढ़ी राजनीतिक गतिविधियों के बीच आयी हैं. वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में नोदा सीट बरकरार रखने के बाद कबीर ने रेजीनगर सीट खाली कर दी थी, जिसके कारण वहां उपचुनाव हो रहा है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता में ‘11000 कंठ से गीता पाठ’, शुभेंदु बोले- डरें नहीं, बंगाल में अब टीका, शिखा, धोती और तुलसी वाली सरकार
हुमायूं कबीर के बयान की शारद्वत ने की निंदा
भाजपा ने इन टिप्पणियों के लिए हुमायूं कबीर पर पलटवार किया. स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय ने उनकी टिप्पणियों की निंदा की और कहा कि राजनीतिक मतभेद किसी प्रतिद्वंद्वी की मौत की कामना को उचित नहीं ठहरा सकते.
ये भी पढ़ें: रेजिनगर उपचुनाव: विवादित बयान के बाद बढ़ीं हुमायूं कबीर की मुश्किलें, कार्रवाई को लेकर आया बड़ा अपडेट
बंगाल में राजनीतिक शिष्टाचार का स्तर बेहद नीचे गिर गया : शारद्वत
शारद्वत मुखोपाध्याय ने कहा- पश्चिम बंगाल में राजनीतिक शिष्टाचार का स्तर बेहद नीचे गिर गया है. मैंने कभी नहीं सोचा था कि कोई इतनी बेशर्मी से इस तरह की बात कह सकता है. हो सकता है कि वह शुभेंदु अधिकारी को पसंद नहीं करते हों या उनकी नीतियों से असहमत हों, लेकिन क्या कोई किसी की मौत की कामना कर सकता है? मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं.
The post शुभेंदु अधिकारी पर हुमायूं कबीर की आपत्तिजनक टिप्पणी से भड़की भाजपा, किया पलटवार appeared first on Prabhat Khabar.
