![]()
गोपालगंज के थावे थाना क्षेत्र के पाखोपाली गांव में शराब पीने को लेकर पत्नी और बेटे से हुए विवाद के बाद एक अधेड़ व्यक्ति ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पाखोपाली गांव निवासी बृजकिशोर के रूप में हुई है। शराब पीने से पत्नी-बेटा करते थे मना बताया जाता है कि बृजकिशोर को शराब पीने की आदत थी। उसकी पत्नी और बेटा अक्सर उसे शराब का सेवन करने से रोकते थे। सोमवार को भी शराब पीने को लेकर पत्नी और बेटे ने उसे मना किया। इसी बात को लेकर घर में विवाद हो गया। नशे की हालत में कीटनाशक का सेवन परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद बृजकिशोर शराब के नशे में था। इसी दौरान उसने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया और अचेत होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान बृजकिशोर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने के बाद थावे थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शराब पीने से रोका तो अधेड़ ने कीटनाशक खाया, मौत:गोपालगंज में पत्नी-बेटे से विवाद, सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा
