
सुपौल के भीमपुर थाना क्षेत्र में बेलागंज के समीप एसएच-91 पर सोमवार को चारपहिया वाहन सवार बदमाशों द्वारा युवक के अपहरण और फायरिंग की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया. पुलिस ने अपहृत युवक जिशान खान, पिता खुर्शीद खान, निवासी महद्दीपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल को अररिया जिला के फुलटाहा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ वारदात में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी बरामद किया है.
बाइक से जा रहे युवक को चारपहिया वाहन से किया गया अगवा
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि सोमवार पूर्वाहन जिशान खान बाइक से जा रहा था. इसी दौरान चारपहिया वाहन सवार आरोपितों ने उसे कथित रूप से अगवा कर लिया. घटना के दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की गयी थी. सूचना मिलते ही भीमपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की.
घटना की जानकारी मिलने के बाद त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
एसपी के निर्देश पर गठित की गयी एसआइटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ त्रिवेणीगंज दिलीप कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गयी. टीम को तीन-चार छापामारी दलों में विभाजित कर आरोपितों के संभावित ठिकानों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया.
एसआईटी ने आसूचना संकलन, वैज्ञानिक अनुसंधान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल आरोपितों की पहचान की. इसके बाद सुपौल पुलिस की टीम ने अररिया पुलिस और एसटीएफ के सहयोग से कार्रवाई करते हुए अररिया जिला के फुलटाहा थाना क्षेत्र से जिशान खान को सकुशल बरामद कर लिया.
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चारपहिया वाहन भी बरामद किया है. वहीं घटना में शामिल एक आरोपित नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया है.
रुपये के लेन-देन के विवाद में अपहरण की बात सामने आयी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि जिशान खान और आरोपितों के बीच कथित अवैध कारोबार में रुपये-पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के क्रम में अपहरण की घटना को अंजाम दिये जाने की बात पूछताछ में सामने आयी है.
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गयी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपित के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन कराया जा रहा है.
इस मामले में भीमपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
The post Watch Video : सुपौल में युवक के अपहरण व फायरिंग का खुलासा, अररिया से जिशान सकुशल बरामद, एक आरोपित गिरफ्तार appeared first on Prabhat Khabar.
