![]()
किशनगंज के दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट से जुड़े वायरल वीडियो मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। मंगलवार को पुलिस ने जांच के दौरान दो और नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान कामिल रजा और मो. जुबेर के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कामिल रजा (24) कुम्हारटोली, थाना बहादुरगंज निवासी मो. अशहाबुद्दीन का बेटा है। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान मो. जुबेर के रूप में हुई है। वह थाना दिघलबैंक क्षेत्र के निवासी मो. बसीर का बेटा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की थी। उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से जांच करते हुए पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान की। इसी क्रम में दोनों को गिरफ्तार किया गया। पहले 4 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार इससे पहले पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें शहजाद (21), सलमान (22), अफसर आलम (38) और मो. सहजाद (24) शामिल हैं। अब तक इस मामले में कुल 6 नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। क्या है मामला 24/25 सितंबर की देर रात करीब 12:30 बजे एसपी संतोष कुमार को सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक पुराने वीडियो की जानकारी मिली थी। वीडियो में तुलसिया हॉल्ट स्टेशन के पास एक युवती के साथ मारपीट और उसे डांटने की घटना दिखाई दे रही थी। पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच में घटना की पुष्टि होने के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। इसके बाद आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की गई।
तुलसिया हॉल्ट वायरल VIDEO मामले में 2 और गिरफ्तार:अब तक 6 आरोपी पकड़े गए; SIT ने साक्ष्यों के आधार पर की कार्रवाई, जांच जारी
